दक्षिण अफ्रीका की अदालत ने प्रेमिका रीवा स्टीनकाम्प की गैर इरादतन हत्या के दोषी ऑस्कर पिस्टोरियस को पांच साल जेल की सजा सुनाई है। 14 फरवरी 2013 को रीवा की हत्या हुई थी, करीब 7 महीने तक यह मामला अदालत में चला। पिस्टोरियस ब्लेड रनर के नाम से मशहूर हैं।
प्रिटोरिया उच्च न्यायालय के न्यायाधीश थोकोसिले मासिपा ने 12 सिंतबर को पिस्टोरियस को गैरइरादतन हत्या का दोषी ठहराया था। साथ ही वह पिछले साल जनवरी में जोहान्सबर्ग के एक रेस्तरां में गोली चलाने के दोषी भी पाए गए थे। उल्लेखनीय है कि पिस्टोरियस पर गौैरकानूनी रूप से हथियार रखने का मामला भी चल रहा है।
रीवा के माता−पिता ने पिस्टोरियस को कड़ी सजा देने की मांग की थी, वहीं पिस्टोरियस के मैनेजर ने उनका बचाव करते हुए कहा कि पिस्टोरियस काफ़ी टूट चुके हैं। वह एक सुलझे हुए इंसान हैं और उनसे समाज को कोई खतरा नहीं है इसलिए उन्हें घर में नजरबंद रखा जाए।
वहीं समाज सेवा से जुड़े जोएल मरिंगा ने पिस्टोरियस को तीन साल तक घर में नजरबंद रखने और हर महीने 16 घंटे की समाज सेवा करने का सुझाव दिया, जिसे सरकारी वकील ने एक शर्मनाक सुझाव बताते हुए ब्लेड रनर को कम से कम 10 साल की सज़ा देने की मांग की थी।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं