एथलेटिक्स की दुनिया में 'ब्लेड रनर' के नाम से मशहूर दक्षिण अफ्रीका के ऑस्कर पिस्टोरियस अपनी गर्लफ्रेंड रीवा स्टीनकैंप की गैर-इरादतन हत्या के दोषी पाए गए हैं। उन्हें सजा सुनाए जाने तक जमानत मिल गई है।
अदालत में फैसला सुनाने के दौरान जज ने कहा कि सभी उपलब्ध सबूत परिस्थितिजन्य हैं और इसी कारण यह सिद्ध नहीं होता कि यह अपराध इरादतन किया गया। जज ने कहा कि अभियोजन पक्ष ऑस्कर को सभी संदेहों से परे पूर्वनियोजित हत्या का दोषी साबित नहीं कर पाया है। जज जिस समय अपना फैसला पढ़ रहे थे, उस समय 27 वर्षीय पिस्टोरियस सुबक रहे थे।
उल्लेखनीय है कि मामले की सुनवाई के दौरान पिस्टोरियस लगातार कहते रहे थे कि उन्होंने घबराकर गोली चलाई थी, क्योंकि उन्हें लगा था कि घर में कोई चोर घुस आया है। दूसरी ओर, सरकारी वकील गैरी नील ने कहा था कि स्टीनकैंप की हत्या के मामले में पिस्टोरियस ने बार-बार दो तरह के बयान दिए हैं। नील के मुताबिक, कई पड़ोसियों ने देखा कि पिस्टोरियस ने जानबूझकर स्टीनकैंप को गोली मारी। नील ने पिस्टोरियस के खिलाफ उम्रकैद की मांग की थी।
वैसे, लाखों लोगों को जीवन में हार न मानने की प्रेरणा देने वाले पिस्टोरियस ने नकली पैरों के सहारे बड़ी−बड़ी रेस जीतीं और उनके नाम छह पैरालिंपिक गोल्ड मेडल दर्ज हैं। खेल की दुनिया में नाम और शोहरत हासिल कर चुके पिस्टोरियस की जिंदगी फरवरी 2013 की एक रात अचानक बदल गई। पिस्टोरियस पर अपनी गर्लफ्रेंड रीवा स्टीनकैंप की हत्या का आरोप लगा।
(इनपुट एजेंसियों से भी)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं