2012 के लंदन ओलिंपिक में कांस्य पदक जीत चुकीं मैरी कॉम 2016 के रियो ओलिंपिक के बाद मुक्केबाज़ी से संन्यास ले लेंगी।
उन्होंने कहा है कि उनका शरीर अब खेल के लिए फिट नहीं रह पा रहा है। 32 साल की मैरी कॉम पिछले कुछ समय से संन्यास लेने के संकेत दे रही थीं, लेकिन सोमवार को उन्होंने साफ कहा, मैंने 2016 के रियो ओलिंपिक के बाद संन्यास लेने का फ़ैसला कर लिया है। रियो ओलिंपिक मेरा अंतिम प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट होगा, उसके बाद मैं खेल नहीं पाऊंगी।
मैरी कॉम ने आगे कहा, मेरा तीसरा बेटा दो साल का हो चुका है, तो मुझे लगता है कि अब बहुत हो चुका है। तीन-तीन बच्चों के बाद प्रतिस्पर्धी मुक्केबाज़ी कौन खेल पाता है।
ऐसे में मैरी कॉम का इरादा रियो ओलिंपिक में जोरदार प्रदर्शन करने का है। उन्होंने कहा, मैं रियो ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीतकर देश के लोगों के लिए खुशी हासिल करना चाहती हूं।
उन्होंने कहा, एशियन चैंपियनशिप और वर्ल्ड चैंपियनशिप आने वाले हैं। ये रियो ओलिंपिक के लिए क्वालिफायर जैसे हैं. मैं इन टूर्नामेंटों में अच्छा प्रदर्शन कर रियो ओलिंपिक के लिए क्वालिफ़ाई करना चाहूंगी।
संन्यास के बाद भी मैरी कॉम मुक्केबाज़ी से जुड़ी रहेंगी। उनका ध्यान इंफाल स्थिति अपनी मुक्केबाज़ी अकादमी पर होगा। इस अकादमी का उद्घाटन जल्दी ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने वाले हैं।
उन्होंने कहा, रियो ओलिंपिक के बाद क्या करना है, ये मैंने तय कर लिया है। मैं अपना पूरा समय अपने अकादमी को दूंगी। मैं ज़्यादा से ज्यादा मैरी कॉम को सामने लाना चाहती हूं। ज्यादा वर्ल्ड चैंपियन बनाना चाहती हूं। इसके अलावा सामाजिक कार्यों में शामिल रहूंगी।
मैरी कॉम को उम्मीद है कि अगले महीने तक अकादमी के उद्घाटन के बाद वह रियो ओलिंपिक की तैयारियों में जुट जाएंगी।
क्या मैरी कॉम आने वाले समय में देश के दूसरे हिस्सों में अकादमी स्थापित करेंगी, ये पूछे जाने पर उन्होंने कहा, अकादमी खोलना बहुत मुश्किल है। काफी खर्च होता है। उसे चलाए रखने में और भी खर्च होता है। पहले मणिपुर वाली अकादमी शुरू हो जाए।
मैरी कॉम ने यह भी साफ कहा कि उनका मकसद अकादमी खोलकर पैसे कमाना नहीं है, वह उन गरीबों की मदद करना चाहती हैं, जो मुक्केबाज़ी में आना चाहते हैं। ऐसे में अगर दूसरे राज्य में कोई अकादमी स्थापित करने में उनकी मदद चाहेगा, तो वे जरूर करेंगी।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं