विज्ञापन
This Article is From Mar 14, 2011

बांग्लादेश ने बिछाए टीम इंडिया की राह में रोड़े

एक ग्रुप से किन्ही चार टीमों को ही अंतिम-8 में पहुंचना है लिहाजा ग्रुप 'बी' से इस होड़ में शामिल किसी एक टीम को बाहर का रास्ता नापना ही होगा।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: नीदरलैंड्स पर बांग्लादेश की जीत के बाद ग्रुप 'बी' में टीमों की स्थिति का आकलन जरूरी हो गया है। इस आकलन में नीदरलैंड्स और आयरलैंड को शामिल नहीं किया जा रहा है क्योंकि उनका क्वार्टर फाइनल में पहुंचना एक तरह से नामुमकिन है। बाकी बची जिन पांच टीमों में क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की होड़ है, वे हैं- दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, भारत, इंग्लैंड और बांग्लादेश। एक ग्रुप से किन्ही चार टीमों को ही अंतिम-8 में पहुंचना है लिहाजा ग्रुप 'बी' से इस होड़ में शामिल किसी एक टीम को बाहर का रास्ता नापना ही होगा। ऐसे में जबकि बांग्लादेश ने इंग्लैंड, आयरलैंड और नीदरलैंड्स को हराकर अपने खाते में छह अंक दर्ज करा लिए हैं, इंग्लैंड की टीम पांचवें स्थान पर खिसक गई है। पहले स्थान पर भारत है, जिसके सात अंक हैं। दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज (6 अंक) और तीसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका (6 अंक) हैं। बांग्लादेश अप्रत्याशित ढंग से चौथे स्थान पर पहुंच गया है। बांग्लादेश के इस मुकाबले के बाद ग्रुप 'बी' में कुल पांच मैच खेले जाने हैं। इसमें एक मुकाबला 18 मार्च को आयरलैंड और नीदरलैंड्स के बीच भी होना है। इस मुकाबले को आकलन में शामिल नहीं किया जा रहा है क्योंकि इससे टीमों की स्थिति पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। 15 मार्च को दक्षिण अफ्रीका को आयरलैंड से भिड़ना है, जिसमें दक्षिण अफ्रीका की जीत पक्की मानी जा सकती है। इसके बाद उसके आठ अंक हो जाएंगे और वह तालिका में पहले स्थान पर पहुंच जाएगी। 17 मार्च को इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला मुकाबला दोनों टीमों के साथ-साथ भारत के लिए भी काफी अहम होगा। इस मैच में इंग्लैंड की हार भारत का काम आसान करेगी जबकि दूसरी ओर इस मैच को जीतकर वेस्टइंडीज अंतिम-8 में पहुंच जाएगा। इंग्लैंड के लिए यह करो या मरो की स्थिति वाला मैच होगा। इंग्लैंड की हार का मतलब होगा, उसकी स्वदेश वापसी। लेकिन इस मैच में अगर इंग्लैंड वेस्टइंडीज को हरा देता है तो उसके सात अंक हो जाएंगे। इस तरह वह भारत की बराबरी पर पहुंच जाएगा और अगर उसने बड़े अंतर से जीत हासिल की तो उसका नेट रन रेट भी भारत से बेहतर हो जाएगा। ऐसी स्थिति में भारत के लिए संकट खड़ा हो जाएगा। इसके बाद 19 मार्च को ढाका में बांग्लादेश की भिड़ंत दक्षिण अफ्रीका से होगी। इसे जीतने की स्थिति में दक्षिण अफ्रीका तालिका में अपनी स्थिति को और मजबूत करेगी लेकिन अगर वह उलटफेर का शिकार हो गया तो बांग्लादेश आठ अंकों के साथ अंतिम-8 में पहुंच जाएगा। इस सूरत में भारत के सामने अंतिम-8 में स्पष्ट तौर पर जगह बनाने के लिए किसी भी हाल में वेस्टइंडीज को हराना होगा। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने नागपुर मुकाबले से पहले कहा था कि उनकी टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी है लेकिन तब धौनी को इस बात का अंदाजा नहीं रहा होगा कि उनकी टीम दक्षिण अफ्रीका से हार जाएगी और उधर बांग्लादेश अपने घर में इंग्लैंड को पटखनी दे देगा। इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय गेंदबाजों का 338 रनों के लक्ष्य को बचा नहीं पाना टीम को काफी महंगा पड़ रहा है। उस मैच से भारत को अगर दो अंक मिल गए होते तो उसे आज इस स्थिति से नहीं गुजरना पड़ता और उसे क्वोर्टरफाइनल में जगह बनाने के लिए दूसरे टीमों के नतीजों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
भारत, बांग्लादेश, अंक, विश्वकप, India, Bangladesh, Points
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com