शेरडन शकीरी की हैट्रिक की बदौलत स्विटजरलैंड ने ग्रुप ई में होंडुरास को 3-0 से हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई, जबकि फ्रांस से गोल रहित ड्रॉ खेलने के बाद इक्वाडोर विश्वकप से बाहर होने वाली पहली दक्षिण अमेरिकी टीम बनी।
दूसरी तरफ, ग्रुप एफ में अर्जेंटीना ने नाईजीरिया को 3-2 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की, लेकिन अफ्रीकी टीम हार के बावजूद प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करने में सफल रही। इस ग्रुप के एक अन्य मैच में बोस्निया हर्जेगोविना ने ईरान को 3-1 से हराकर एशियाई टीम की आगे बढ़ने की उम्मीदों को तोड़ दिया।
ग्रुप ई में फ्रांस की टीम सात अंक के साथ शीर्ष पर रही, जबकि स्विटजरलैंड ने छह अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। इक्वाडोर के चार अंक रहे, जबकि होंडुरास की टीम अपने तीनों मैच हारकर कोई अंक नहीं जुटा सकी।
दूसरी तरफ, ग्रुप एफ में अर्जेंटीना की टीम अपने तीनों मैच जीतकर नौ अंक के साथ शीर्ष पर रही, जबकि नाईजीरिया ने चार अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। बोस्निया के तीन, जबकि ईरान का एक अंक रहा।
प्री क्वार्टर फाइनल में अब 30 जून को फ्रांस का सामना नाईजीरिया से होगा, जबकि 1 जुलाई को अर्जेंटीना और स्विटजरलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी।
इससे पहले यहां खेले गए मुकाबले में स्विटजरलैंड को होंडुरास को हराने में अधिक मशक्कत नहीं करनी पड़ी। चार साल पहले होंडुरास ने स्विटजरलैंड को गोल रहित ड्रॉ खेलकर दूसरे दौर में जगह बनाने से रोका था, लेकिन इस बार बायर्न म्यूनिख के खिलाड़ी शकीरी के पहले हाफ में दागे दो गोल ने मध्य अमेरिकी देश की राह काफी मुश्किल कर दी थी।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं