विज्ञापन
This Article is From Aug 16, 2016

रियो : 'भारतीय दूतावास में केवल मूंगफली दी गई, हमें भूखे पेट लौटना पड़ा'- हॉकी खिलाड़ी

रियो : 'भारतीय दूतावास में केवल मूंगफली दी गई, हमें भूखे पेट लौटना पड़ा'- हॉकी खिलाड़ी
स्‍वतंत्रता दिवस समारोह के मौके पर हॉकी टीम को नहीं मिला डिनर
  • कार्यक्रम का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय ने किया था
  • कार्यक्रम का निमंत्रण खेल सचिव राजीव यादव की तरफ से आया था
  • खिलाड़ियों को उम्मीद थी वहां उन्हें रात्रि भोज मिलेगा, लेकिन...
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
रियो डि जिनेरियो: लगातार लचर प्रदर्शन के कारण हताश और निराश भारतीय ओलिंपिक दल के कुछ सदस्य जब भारतीय दूतावास में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में भाग लेने के लिये गए तो वहां उन्हें खाने के लिये केवल ‘मूंगफली’ दी गयी.

इस कार्यक्रम का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय ने किया था जिसमें दोनों हॉकी टीमों ने हिस्सा लिया जो पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो गयी हैं. खिलाड़ियों को उम्मीद थी वहां उन्हें रात्रि भोज मिलेगा और इसलिए उन्होंने खेल गांव में भोजन करने की अपनी योजना रद्द कर दी थी.

भारतीय दल के नेता राकेश गुप्ता से जब इसकी पुष्टि करने के लिये कहा गया, उन्होंने कहा, ‘‘आप कृपया हॉकी खिलाड़ियों से बात करिये, वे आपको बेहतर बता सकते हैं. मैं वहां सिर्फ कुछ समय के लिए था और विकास कृष्ण के मुक्केबाजी मुकाबले के लिये तुरंत ही वापस आ गया.’’

हॉकी टीम का एक सदस्य हालांकि नाराज था. उन्होंने कहा, ‘‘हमें केवल मूंगफली खाने के लिये दी गयी. हमें कम से कम रात्रि भोज की उम्मीद थी लेकिन उन्होंने हमें बीयर, कुछ सॉफ्ट ड्रिंक्स और मूंगफली दी. हमने खेल गांव में भी रात्रि भोजन नहीं करने का फैसला किया था लेकिन हमें वहां से भूखा लौटना पड़ा. यह वास्तव में बेहद निराशाजनक था.’’

ब्राजील में भारतीय दूतावास तथा युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित 70वें स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम बड़ा नहीं था क्योंकि सोमवार शाम को इसे जब आयोजित किया गया तब कई स्पर्धाएं होनी थी. मीडियाकर्मी बैडमिंटन और मुक्केबाजी मैच कवर करने में व्यस्त थे अैर ऐसे में पुरुष और महिला हॉकी टीमें ही समारोह में जा पाईं. कार्यक्रम का निमंत्रण खेल सचिव राजीव यादव की तरफ से आया था.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
रियो ओलिंपिक 2016, भारतीय दूतावास, भारतीय ओलिंपिक दल, भूखे लौटे खिलाड़ी, मूंगफली, Rio Olympic 2016, Indian Consulate, Indian Olympic Squad, Peanuts, Indian Embassy In Rio
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com