विज्ञापन
This Article is From Jan 10, 2017

बीएसएफ जवान के समर्थन में आए सहवाग, कैफ और पहलवान योगेश्‍वर दत्‍त, किए यह ट्वीट...

बीएसएफ जवान के समर्थन में आए सहवाग, कैफ और पहलवान योगेश्‍वर दत्‍त, किए यह ट्वीट...
सहवाग ने ट्वीट में लिखा, जवानों और किसानों का खास ध्‍यान रखने की जरूरत है (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान तेजबहादुर यादव की ओर से खराब गुणवत्‍ता का खाना दिए जाने का वीडियो शेयर करने के बाद देश में इसे लेकर बहस छिड़ गई है. सोशल मीडिया पर खिलाड़ी भी इस मामले में जवानों के समर्थन में आगे आए हैं. इन खिलाड़ि‍यों में क्रिकेट खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग, मोहम्‍मद कैफ और ओलिंपिक में कांस्‍य पदक जीतने वाले पहलवान योगेश्‍वर दत्त शामिल हैं.

गौरतलब है कि बीएसएफ के इस जवान ने मुश्किल भरी स्थितियों में तैनाती और अच्‍छी क्‍वालिटी का खाना-नाश्‍ता नहीं मिलने को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किए हैं. उसने आरोप लगाया है कि आने वाले राशन को उच्च अधिकारी बाजार में बेच देते हैं. इस वीडियो को लाखों बार शेयर किया जा चुका है. शेयर किए गए वीडियो में यह जवान बड़े सैन्य अधिकारियों से खासा नाराज दिखाई दे रहा है. उसका आरोप है कि यहां पर जवानों को ठीक से खाना नसीब नहीं हो रहा है और कई बार उन्हें भूखा सोना पड़ता है. वीडियो के वायरल होने के बाद सरकार भी हरकत में आ गई है. केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने इस मामले में रिपोर्ट तलब की है. होम सेक्रेटरी से कहा गया है कि वो बीएसएफ से इस बारे में फौरन रिपोर्ट तलब करें.

इस मामले में जवानों के समर्थन में आगे आते हुए सहवाग ने एक ट्वीट किया है. उन्‍होंने लिखा है, 'हमारे किसानों और सैनिकों को खास तवज्जो की जरूरत है. उन तक पर्याप्त भोजन पहुंचना चाहिए.' क्रिकेटर मोहम्‍मद कैफ ने भी एक ट्वीट किया है जिसमें उन्‍होंने जवानों को अच्‍छा भोजन दिए जाने की वकालत की है. कैफ ने लिखा, 'हमारे जवानों के लिए अच्‍छा भोजन बेहद जरूरी है. बस बात खत्‍म #SaveOurSoldiers' लंदन ओलिंपिक-2012 में देश के लिए ब्रॉन्‍ज मेडल जीतने वाले रेसलर योगेश्वर दत्त ने भी जवान के पक्ष में अपनी बात कही है. उन्होंने लिखा, 'रक्षकों की दुर्दशा एक रोटी से ड्यूटी और पीस पोस्टिंग में मैडम के शॉपिंग बैग उठाओ.'

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
बीएसएफ, तेजबहादुर यादव, वीडियो, वीरेंद्र सहवाग, मो. कैफ, योगेश्‍वर दत्त, खराब खाना
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com