विज्ञापन
This Article is From Jan 02, 2015

प्रदीप कुमार की कलम से : ये हैं वर्ष 2015 के पांच सबसे बड़े स्पोर्ट्स इवेन्ट

प्रदीप कुमार की कलम से : ये हैं वर्ष 2015 के पांच सबसे बड़े स्पोर्ट्स इवेन्ट
वर्ष 2011 की क्रिकेट विश्वकप विजेता भारतीय टीम (फाइल चित्र)
नई दिल्ली:

सारी कायनात की ही तरह खेल की दुनिया के लिए भी नई उम्मीदें लेकर आया है नया साल... क्या आप जानते हैं, रोमांच और उत्साह से भरे इस साल में क्या खास होने वाला है, और किन-किन खेलों के किन-किन सुपरस्टारों की किस्मत इस साल दांव पर लगी होगी...? चलिए, हम आपको बताते हैं, उन पांच बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स के बारे में, जिन पर 2015 में दुनियाभर की नजरें टिकीं होंगी...

नंबर 5 - वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप
वर्ष 2008 के ओलिम्पिक खेल चीन के बर्ड्स नेस्ट स्टेडियम में हुए थे, और अब नए साल में इसी स्टेडियम में 22 से 30 अगस्त, 2015 के दौरान वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का आयोजन होना है, जिसमें दुनियाभर के एथलीट एक-दूसरे को चुनौती देते नज़र आएंगे... सो जाहिर है, ऐसे में सबकी नज़रें उसैन बोल्ट पर टिकी होंगी, और सबके जहन में यही सवाल होगा, क्या उसैन बोल्ट दुनिया के सबसे तेज भागने वाले शख्स बने रहेंगे...? वर्ष 2009 में बर्लिन में आयोजित वर्ल्ड चैम्पियनशिप में बोल्ट ने 100 और 200 मीटर दौड़ में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था, और अब उन्होंने खुद के ही रिकॉर्ड को बेहतर करने का दावा कर दूसरे एथलीटों के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं...

नंबर 4 - फॉर्मूला वन का नया सीज़न
वर्ष 2015 का फॉर्मूला वन सीज़न कई मायनों में रोमांचक साबित होने वाला है... दुनिया के दो बेहतरीन ड्राइवर सेबेस्टियन वेट्टल और फर्नांडो अलॉन्सो नई कारों के साथ रेसिंग ट्रैक पर नजर आएंगे... वेट्टल इस सीज़न में फेरारी में दिखाई देंगे, जबकि दो बार के वर्ल्ड चैम्पियन अलॉन्सो आठ साल बाद मैकलारेन की टीम में लौट आए हैं... लेकिन इन दोनों को मर्सिडीज़ की रेसर जोड़ी लुइस हैमिल्टन और निको रोज़बर्ग की चुनौती से पार पाना होगा, क्योंकि हैमिल्टन और रोज़बर्ग का दबदबा 2014 में देखने को मिला है...

नंबर 3 - टेनिस का नया सीज़न
टेनिस की दुनिया में नया सीज़न 19 जनवरी से ऑस्ट्रेलियन ओपन के साथ शुरू होगा... इस चैम्पियनशिप के दौरान सबकी नज़रें राफेल नडाल पर टिकी होंगी... 14 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके नडाल पिछले कुछ महीने से अनफिट हैं, और उन्होंने यह कहा भी है कि ऑस्ट्रेलियन ओपन से पहले वह पूरी तरह फिट नहीं हो पाएंगे, लेकिन अगर नडाल फिट हुए तो एक बार फिर टेनिस प्रेमियों को रोजर फेडरर, नोवाक जोकोविच और नडाल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा... उधर, बढ़ती उम्र के बावजूद फेडरर नंबर दो खिलाड़ी बने हुए हैं, जबकि जोकोविच पर अपनी बादशाहत को बनाए रखने का दबाव होगा...

नंबर 2 - कोपा अमेरिका कप
दक्षिणी अमेरिका का सबसे बड़ा फुटबॉल टूर्नामेंट कोपा अमेरिका कप 11 जून से चिली में शुरू होगा, जिसमें दक्षिणी अमेरिका की 12 जोरदार टीमें एक-दूसरे को टक्कर देंगी... ब्राज़ील को वर्ष 2014 के वर्ल्डकप के दौरान कोलम्बिया ने जोरदार संघर्ष दिखाया था, सो, इस बार भी इस मुकाबले पर सबकी नज़रें टिकी रहेंगी... वहीं 2014 वर्ल्डकप फुटबॉल की रनर्स-अप अर्जेंटीना की टीम उरुग्वे के साथ एक ही ग्रुप में है... हालांकि उरुग्वे के स्टार खिलाड़ी लुई सुआरेज़ इस टूर्नामेंट में पाबंदी के चलते हिस्सा नहीं ले पाएंगे, लेकिन आपको फुटबॉल की दुनिया के सुपरस्टार लॉयनेल मैसी और ब्राज़ीली स्टार नेमार के बीच भिड़ंत देखने को मिलेगी...

नंबर 1 - क्रिकेट का महामुकाबला
साल का सबसे बड़ा इवेन्ट क्रिकेट का महामुकाबला ही है, यानि आईसीसी वर्ल्डकप... वर्ष 2015 का क्रिकेट वर्ल्डकप 14 फरवरी से ऑस्ट्रेलिया-न्यूज़ीलैंड में शुरू हो रहा है, जहां वन-डे क्रिकेट के सबसे बड़े खिताब के लिए 14 टीमों के बीच घमासान होगा... टूर्नामेंट के दौरामन भारतीय टीम पर खिताब बचाने का दबाव होगा... भारत का पहला मुकाबला 15 फरवरी को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा... टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के लिए यह टूर्नामेंट सबसे बड़ा इम्तिहान साबित होने वाला है...

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप, आईसीसी क्रिकेट वर्ल्डकप 2015, कोपा अमेरिका कप, ऑस्ट्रेलियाई ओपन, फॉर्मूला वन का नया सीज़न, World Athletics Championship, ICC Cricket World Cup 2015, Australian Open, ICCWC2015
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com