प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जाबेर अल-सबा से फोन पर बात की है. दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया में जारी तनाव और संघर्ष के बीच है. बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने तनाव बढ़ने पर गहरी चिंता व्यक्त की और कुवैत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर हुए हमलों की भारत की तरफ से निंदा की.
कुवैत के अमीर से बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने शांति और स्थिरता की जल्द बहाली के लिए तनाव कम करने, बातचीत और कूटनीति की बात दोहराई. उन्होंने कुवैत में बड़ी संख्या में मौजूद भारतीयों की भलाई और सुरक्षा पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान देने पर कुवैत के अमीर का शुक्रिया अदा किया.
पीएम मोदी और कुवैत के अमीर के बीच ये बातचीत तब हुई है, जब एक हफ्ते पहले ही कुवैत के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ईरानी हमले में 13 भारतीय नागरिक घायल हो गए थे. इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत भी हो गई थी. इस हमले की निंदा करते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा था कि नागरिक आबादी और बुनियादी ढांचे को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए.
उज्जैन के व्यक्ति की हो गई थी मौत
3 जून को कुवैत के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ईरान ने हमला किया था. इस हमले में मध्य प्रदेश के उज्जैन के रहने वाले मंजूर अहमद की मौत हो गई थी.
मंजूर अहमद 30 साल से कुवैत में दर्जी का काम कर रहे थे. वह अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए घर आने वाले थे. मंजूर 3 जून की सुबह करीब साढ़े 7 बजे कुवैत से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले थे. मुंबई से उन्हें ट्रेन से उज्जैन पहुंचना था.
मंजूर के 18 साल के बेटे अनस ने बताया था कि एक दिन पहले ही उनकी उनके पिता से बात हुई थी लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी बातचीत होगी.
कुवैत के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल नासिर बौसलीब ने बताया था कि कुवैत एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 को कई ड्रोन से निशाना बनाया गया था. इन हमलों में कई लोग घायल हो गए थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं