उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रेमी की शादी तय होने से नाराज एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई. युवती का आरोप है कि इंस्टाग्राम के जरिए दोनों में दोस्ती हुई थी और पिछले पांच वर्षों से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन अब युवक की शादी कहीं और तय कर दी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. पूरे घटनाक्रम के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी दोस्ती
यह मामला लोनार कोतवाली क्षेत्र के लोनार कस्बे का है. जानकारी के अनुसार, सीतापुर जनपद के मंसूरपुर की रहने वाली रूबी (वर्तमान में लखनऊ में रहती है) का गढ़िया डिल्ला निवासी शैलेंद्र से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई. फिर दोनों के बीच प्यार हो गया. दोनों लखनऊ में रहते थे और वहीं से उनके बीच प्रेम संबंध शुरू हुए.
20 जून को युवक की होनी है शादी
बताया जा रहा है कि युवक के परिजनों ने उसकी शादी हरियावां थाना क्षेत्र के एक गांव में तय कर दी और आगामी 20 जून को बारात जानी है. जैसे ही युवती को इसकी जानकारी मिली तो वह लखनऊ से लोनार पहुंच गई और युवक से बात करने का प्रयास किया. आरोप है कि युवक ने उसकी बात सुनने से इनकार कर दिया.
कड़ी मशक्कत के बाद युवती टावर से नीचे उतरी
इसके बाद नाराज युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई. सूचना पर लोनार इंस्पेक्टर सुनील कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया, जिसके बाद युवती टावर से नीचे उतर आई. पुलिस ने युवती को सुरक्षित हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: कॉन्ट्रैक्ट किलर भानु प्रताप सिंह मुठभेड़ में ढेर, 1.65 लाख का था इनामी, 40 से ज्यादा दर्ज थे मुकदमे
ये भी पढ़ें:शामली में धर्मांतरण का खेल: दवा कारोबारी के इकलौते बेटे का 'ब्रेनवॉश', निकाह के लिए धर्म बदलवाया
ये भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में फूट: ज्ञानचंदानी ने दिया इस्तीफा, CM हाउस पहुंचीं कांग्रेस विधायक सप्रे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं