विज्ञापन

मतलब की बात : पानी की है क‍िल्‍लत तो इस तरह करें स्‍टोर, फ‍िर वॉटर नहीं होगा बर्बाद

गर्मियों में पानी की जरूरत तेजी से बढ़ जाती है, लेकिन सही तरीके से स्टोर न करने पर यही पानी बर्बाद होने के साथ बीमारियों की वजह भी बन सकता है. जानिए पानी बचाने और सुरक्षित रखने के आसान तरीके.

मतलब की बात : पानी की है क‍िल्‍लत तो इस तरह करें स्‍टोर, फ‍िर वॉटर नहीं होगा बर्बाद
कई द‍िन तक नहीं आएगा पानी तो ऐसे करें स्‍टोर.

Water storage tips : गर्मियों की शुरुआत होते ही घरों में सबसे ज्यादा जिस चीज की चिंता बढ़ जाती है, वो है पानी. तेज धूप और बढ़ती गर्मी के कारण हर दिन पानी की जरूरत पहले से ज्यादा हो जाती है. सुबह नहाने से लेकर कूलर भरने, खाना बनाने, कपड़े धोने और घर की सफाई तक हर काम में खूब पानी खर्च होता है. ऐसे में कई इलाकों में पानी की सप्लाई कम होने लगती है और लोगों को पहले से ज्यादा पानी स्टोर करना पड़ता है. लेकिन परेशानी तब बढ़ती है, जब पानी को सही तरीके से संभाला नहीं जाता और बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद होने लगता है.

पानी स्टोर करते समय सबसे ज्यादा होती हैं ये गलतियां

गर्मी में कई लोग घर की टंकी या कंटेनर खुला छोड़ देते हैं. इससे धूल, मिट्टी, कीड़े और बैक्टीरिया आसानी से पानी में पहुंच जाते हैं. कई बार लोग पुराने प्लास्टिक के डिब्बों में लंबे समय तक पानी जमा करके रखते हैं. तेज गर्मी में ऐसे कंटेनर खराब केमिकल छोड़ सकते हैं, जो सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं.

बिजली कटौती और भारी बिल से राहत दिला सकते हैं सोलर पैनल, जानिए 7 बड़े फायदे

टंकी ओवरफ्लो और लीकेज से होता है भारी नुकसान

कई घरों में मोटर चालू करके लोग भूल जाते हैं और टंकी से घंटों पानी बहता रहता है. छोटी सी पाइप लीकेज भी हर दिन काफी पानी खराब कर सकती है. इसलिए जरूरी है कि टंकी भरते समय ध्यान रखें और किसी भी लीकेज को तुरंत ठीक करवाएं. साथ ही टंकी की सफाई समय-समय पर करते रहना भी जरूरी है.

पीने का पानी स्टोर करते समय रखें खास ध्यान

अगर पीने का पानी जमा कर रहे हैं, तो हमेशा फूड ग्रेड कंटेनर का इस्तेमाल करें. पानी को अच्छी तरह ढककर रखें और कोशिश करें कि 24 से 48 घंटे के अंदर उसका इस्तेमाल हो जाए. अगर पानी का रंग, स्वाद या गंध बदल जाए, तो उसे इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.

छोटी आदतें बचा सकती हैं हजारों लीटर पानी

रोज की छोटी-छोटी आदतें पानी बचाने में बड़ी मदद कर सकती हैं. जैसे ब्रश करते समय नल बंद रखना, बाल्टी से नहाना और RO का बचा पानी पौधों में इस्तेमाल करना. बच्चों को भी पानी बचाने की आदत सिखानी चाहिए. ये छोटी बातें हर महीने हजारों लीटर पानी बचा सकती हैं.

जरूरत जितना ही पानी करें स्टोर

गर्मी में जरूरत से ज्यादा पानी जमा करना भी सही नहीं है. ज्यादा समय तक रखा पानी खराब हो सकता है और बीमारियों की वजह बन सकता है. इसलिए उतना ही पानी स्टोर करें, जितना सही तरीके से संभाला जा सके. पानी हमारी सबसे जरूरी जरूरत है और इसे बचाना अब हर घर की जिम्मेदारी बन चुका है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com