PM surya ghar yojana : बढ़ते बिजली बिल से परेशान लोगों के लिए पीएम सूर्य घर योजना बड़ी राहत बन सकती है. केंद्र सरकार की इस योजना के तहत घरों में सोलर पैनल लगवाने पर सब्सिडी दी जा रही है, जिससे आम लोग कम खर्च में बिजली बना सकें. खास बात ये है कि इस योजना का लाभ लेने की अंतिम तारीख मार्च 2027 तय की गई है. ऐसे में जिन लोगों का बिजली बिल हर महीने ज्यादा आता है, उनके लिए ये योजना लंबे समय तक बचत का मौका दे सकती है. बिजली विभाग भी लोगों से ज्यादा से ज्यादा आवेदन करने की अपील कर रहा है.
क्या है पीएम सूर्य घर योजना
पीएम सूर्य घर योजना का मकसद लोगों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ना और बिजली खर्च कम करना है. योजना के तहत घरों की छत पर सोलर पैनल लगाए जाते हैं, जिनसे बनने वाली बिजली का इस्तेमाल घरेलू कामों में किया जा सकता है. अगर जरूरत से ज्यादा बिजली बनती है तो उसे ग्रिड में भेजकर बिजली बिल में एडजस्ट भी कराया जा सकता है.
Aadhaar Card में कितनी बार हो सकता है मोबाइल नंबर और एड्रेस अपडेट, UIDAI के नियम जानना है जरूरी
सरकार दे रही सब्सिडी और लोन सुविधा
योजना के तहत सोलर प्लांट लगाने पर सरकार सब्सिडी दे रही है. अधिकारियों के मुताबिक सोलर सिस्टम लगाने में करीब 80 हजार से 2 लाख रुपये तक का खर्च आ सकता है. इसके अलावा लोगों को आसान किस्तों पर लोन की सुविधा भी मिल रही है. जानकारी के अनुसार करीब 7 प्रतिशत ब्याज दर पर 2 लाख रुपये तक का लोन दिया जा सकता है.
कितनी जगह और कितनी क्षमता जरूरी
सोलर सिस्टम लगाने के लिए छत पर पर्याप्त जगह होना जरूरी है. एक किलोवाट का सोलर प्लांट लगाने के लिए लगभग 100 वर्गफुट जगह चाहिए होती है. वहीं 150 यूनिट तक बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ताओं के लिए 1 किलोवाट का सिस्टम सही माना गया है. 300 यूनिट तक बिजली खर्च करने वालों के लिए 2 किलोवाट और इससे ज्यादा खपत वालों के लिए 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता वाला सिस्टम बेहतर रहेगा.
ऐसे करें आवेदन
योजना का आवेदन ऑनलाइन किया जा सकता है. आवेदन के लिए स्मार्ट प्रीपेड मीटर कनेक्शन, आधार कार्ड, बैंक खाता और मोबाइल नंबर जरूरी होगा. अगर लोन लेना है तो पैन कार्ड और ईमेल आईडी भी देनी होगी. आवेदन में परेशानी आने पर बिजली विभाग के कार्यालय में जाकर भी मदद ली जा सकती है.














