अगर आप कम लागत में अपना काम शुरू करके अच्छी कमाई करना चाहते हैं, तो मुर्गी पालन आपके लिए अच्छा ऑप्शन साबित हो सकता है. जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले से इसका एक बड़ा उदाहरण सामने आया है. यहां एक युवक ने केंद्र सरकार की योजना राष्ट्रीय पशुधन मिशन का लाभ उठाकर मुर्गी पालन का कारोबार शुरू किया और आज हर महीने 50,000 से 60,000 रुपये तक की कमाई कर रहा है. इतना ही नहीं, उसने अपने कारोबार के जरिए कई अन्य लोगों को भी रोजगार दिया है.
सरकारी योजना से मिली नई पहचान
राजौरी जिले के तांडवाल-मुबारकपुरा क्षेत्र के रहने वाले एहतेशाम ने पशुपालन विभाग की मदद से पोल्ट्री फार्म शुरू किया. उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले तक उनके परिवार के पास कमाई का कोई स्थायी साधन नहीं था. घर का खर्च चलाने के लिए कई बार कर्ज तक लेना पड़ता था. इसी दौरान उनके पिता को केंद्र सरकार की पशुपालन विभाग की योजना के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद उन्होंने योजना के तहत आवेदन किया और उन्हें विभाग की ओर से पूरी मदद मिली.
योजना के तहत क्या-क्या मिला?एहतेशाम ने आईएएनएस को बताया कि पशुपालन विभाग ने उन्हें मुर्गियों के बच्चे उपलब्ध कराए. इसके अलावा पोल्ट्री फार्म चलाने की ट्रेनिंग दी गई और कारोबार शुरू करने के लिए लोन की सुविधा भी दी गई. सरकार की इस मदद से उनका छोटा-सा प्रयास आज एक सफल व्यवसाय बन चुका है. वर्तमान में वे मुर्गियां पालने के साथ अंडों की बिक्री भी कर रहे हैं और शुरुआती दौर में ही हर महीने 50 से 60 हजार रुपये तक की कमाई कर रहे हैं.
दूसरों के लिए भी बने रोजगार का जरियाएहतेशाम का पोल्ट्री फार्म सिर्फ उनके परिवार की आय का साधन नहीं बना, बल्कि इससे गांव के अन्य लोगों को भी फायदा हुआ है. उन्होंने अपने फार्म में पांच लोगों को रोजगार दिया है.
युवाओं के लिए अच्छा मौकाराजौरी के मुख्य पशुपालन अधिकारी डॉक्टर खालिद के अनुसार, जिले में मुर्गी पालन आजीविका का एक अच्छा साधन बनकर उभर रहा है. सरकारी योजनाओं के तहत कई पोल्ट्री यूनिट सफलतापूर्वक चल रही हैं. विभाग लाभार्थियों को ट्रेनिंग, तकनीकी मार्गदर्शन और जरूरी सहायता उपलब्ध करा रहा है, ताकि वे अपना कारोबार शुरू कर सकें और उसे आगे बढ़ा सकें.
उन्होंने कहा कि खासतौर पर शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए यह योजना एक बड़ा अवसर है. इससे वे अपने घर के पास रहकर अपना बिजनेस शुरू कर सकते हैं और अच्छी आय कमा सकते हैं.
(इनपुट- आईएएनएस)
यह भी पढ़ें- दिल्ली में गर्मी से राहत का नया इंतजाम, बांस से बनेंगे 'कूलिंग जोन', जानें कहां-कहां और क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं