विज्ञापन

दिल्ली में बसों से सफर करने वालों के लिए बड़ी सौगात! DTC बेड़े में शामिल होंगी 2,800 इलेक्ट्रिक बसें, लास्ट माइल कनेक्टिविटी होगी बेहतर

पीएम ई-ड्राइव योजना के जरिए दिल्ली में 2,800 नई AC इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी. इससे पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सुधार होगा. सरकार 2028-29 तक बसों की संख्या 14,000 तक पहुंचाने की तैयारी में है.

दिल्ली में बसों से सफर करने वालों के लिए बड़ी सौगात! DTC बेड़े में शामिल होंगी 2,800 इलेक्ट्रिक बसें, लास्ट माइल कनेक्टिविटी होगी बेहतर
दिल्ली को मिलेंगी 2,800 इलेक्ट्रिक बसें!
X/@DelhiGovDigital

दिल्ली में रोजाना बसों से सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए राज्य सरकार सौगात लेकर आई है. राजधानी की पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार की पीएम ई-ड्राइव योजना के जरिए 2,800 नई एयर-कंडीशंड लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी. इन बसों के आने से न केवल प्रमुख रूट्स पर यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि कॉलोनियों, बाहरी इलाकों और गांवों तक पब्लिक ट्रांसपोर्ट की पहुंच भी बेहतर होगी.

किन बसों को किया जाएगा शामिल?

नई योजना के जरिए 1,400 नौ मीटर और 1,400 बारह मीटर लंबी इलेक्ट्रिक बसों को दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के बेड़े में शामिल किया जाएगा. इस दौरान बड़ी बसों को व्यस्त रूट्स पर चलाया जाएगा, जबकि छोटी बसें स्थानीय और फीडर सर्विसेज को मजबूत करेंगी. इसके अलावा अगले चरण में 500 सात मीटर लंबी इलेक्ट्रिक बसें भी जोड़ी जाएंगी, जिनका मकसद लास्ट माइल कनेक्टिविटी को मजबूत करना है. 

यात्रियों को क्या होगा फायदा?

दिल्ली के कई इलाकों में अब भी बस की उपलब्धता सीमित है. नई इलेक्ट्रिक बसों के आने से ऐसे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी. इस कदम के फायदों में  शामिल हैं - 

  • कॉलोनियों और बाहरी क्षेत्रों तक बस सेवा पहुंचेगी.
  • मेट्रो स्टेशन और प्रमुख बस स्टैंड तक पहुंचना आसान होगा.
  • भीड़भाड़ वाले रूट्स पर बसों की उपलब्धता बढ़ेगी.
  • AC बसों से सफर आरामदायक होगा.
  • पर्सनल व्हीकल्स पर निर्भरता कम होने से ट्रैफिक और प्रदूषण में कमी आ सकती है.

प्रदूषण कम करने की दिशा में बड़ा कदम

इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ने से दिल्ली में प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी. इसके साथ ही यात्रियों को ज्यादा भरोसेमंद, सस्ता और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी. नई बसों के शामिल होने के बाद राजधानी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क पहले से ज्यादा मजबूत और सुविधाजनक होने की उम्मीद है. बता दें कि दिल्ली में फिलहाल करीब 4,300 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं. सरकार का लक्ष्य साल के अंत तक इस संख्या को बढ़ाकर 7,500 तक पहुंचाने का है. वहीं 2028-29 तक राजधानी में कुल बसों की संख्या लगभग 14,000 करने की योजना है.

ई-ड्राइव योजना क्या है?

पीएम इलेक्ट्रिक ड्राइव रेवॉल्यूशन इन इनोवेटिव व्हीकल एनहांसमेंट (PM E-DRIVE) केंद्र सरकार की प्रमुख योजना है, जिसका मकसद देश में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को बढ़ावा देना, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना और क्लीन ट्रांसपोर्टेशन को प्रोत्साहित करना है. दिल्ली के अलावा मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, पुणे, अहमदाबाद, सूरत और हैदराबाद जैसे बड़े शहर भी इस योजना का हिस्सा हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Bus
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com