Dausa News: राजस्थान कांग्रेस में अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) और सचिन पायलट (Sachin Pilot) के बीच की खींचतान कोई नई बात नहीं है, लेकिन दौसा में हुई जिला कांग्रेस कमेटी की हालिया बैठक ने इस सियासी मुद्दे को फिर से गरमा दिया है. इस बैठक में पूर्व विधायक राजेंद्र पारीक (Rajendra Pareek) ने गहलोत-पायलट विवाद पर चुटकी लेते हुए पूर्व सीएम गहलोत पर तंज कसा है. उन्होंने हंसते हुए कह दिया कि 'बुढ़ापे में ऐसा हो जाता है.' वहीं, दूसरी तरफ दौसा सांसद मुरारीलाल मीणा (Murari Lal Meena) ने विवादों से बचते हुए मानेसर कांड (Manesar Episode) को महज़ 'घर की बात' करार दे दिया है.
'पायलट बनें अध्यक्ष तो बहुत अच्छा'
दौसा में सोमवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह और मंथन बैठक के दौरान जब मीडिया ने राजेंद्र पारीक से गहलोत और पायलट गुट की तनातनी पर सवाल पूछा, तो उन्होंने इसे हल्के अंदाज में टाल दिया. पारीक ने कहा कि राजनीति में ये सब चलता रहता है और इस पर ज्यादा बात करना ठीक नहीं है. हालांकि, जब सचिन पायलट को प्रदेश अध्यक्ष बनाने का जिक्र आया, तो पारीक ने इसका खुलकर समर्थन किया और कहा कि यह बहुत अच्छी बात होगी. मानेसर प्रकरण पर उन्होंने कहा कि अब पार्टी में सब ठीक है.
मानेसर कांड सिर्फ 'घर की बात'
इसी बैठक में मौजूद दौसा सांसद मुरारीलाल मीणा ने भी मानेसर कांड पर अपनी सफाई दी. उन्होंने इस मुद्दे को ज्यादा तूल न देने की बात कहते हुए कहा कि कांग्रेस एक बड़ा परिवार है और ऐसी छोटी-मोटी बातें परिवारों के अंदर होती रहती हैं. इसका असर पार्टी पर नहीं पड़ेगा. मीणा ने अशोक गहलोत और सचिन पायलट दोनों को पार्टी का महत्वपूर्ण नेता बताया और पायलट की तारीफ करते हुए उन्हें एक ऊर्जावान और युवा चेहरा करार दिया.
'10 करोड़ लेने के आरोप बिल्कुल झूठे'
इस दौरान सांसद मुरारीलाल मीणा ने खुद पर लगे 10 करोड़ रुपये लेने के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने इसे पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए कहा कि अगर ऐसा कोई भी सौदा हुआ होता, तो आज वो जनता के बीच खड़े होकर यूं भाषण नहीं दे रहे होते. उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी ने जरूर कांग्रेस सरकार गिराने की कोशिश की थी, लेकिन वो किसी साजिश का हिस्सा नहीं थे. अध्यक्ष कौन बनेगा, इसका फैसला हमेशा हाईकमान ही करता है.
150 सीटें जीतकर वापसी का दावा
इस संगठनात्मक बैठक का मुख्य फोकस पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना था. नेताओं ने राहुल गांधी के पुष्कर दौरे का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रिय होने की अपील की. सांसद मीणा ने दावा किया कि राजस्थान के युवा और आम जनता बीजेपी सरकार से परेशान हैं. आने वाले चुनाव में महंगाई, बेरोजगारी और खराब कानून व्यवस्था अहम मुद्दे होंगे. उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस अगले चुनाव में 150 सीटें जीतकर दमदार वापसी करेगी.
ये भी पढ़ें:- यूपी पुलिस भर्ती में कठिन है डगर ! खिड़कियों के रास्ते ट्रेन में घुसने को मजबूर छात्र, लखनऊ में उमड़ा जनसैलाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं