जयपुर में इंजीनियर की पत्नी ने की खुदकुशी, बेटे ने मां का फोन खोला तो खुली टॉर्चर की कहानी

PWD में एक्जीक्यूटिव इंजीनियर पति पर आरोप-मार्च में घर में गैस खुला छोड़कर पत्नी को मारने की कोशिश की थी, आखिर अनु ने खुद लगा ली फांसी.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
पति गौतम मीणा के प्रताड़ना से तंग आकर अनु ने 7 अप्रैल को फांसी लगा ली.

Jaipur Anu Meena Suicide: राजस्थान की राजधानी जयपुर में दहेज की प्रताड़ना के चलते एक्सईएन की पत्नी अनु मीणा ने आत्महत्या कर ली.  कोटपूतली के कल्याणपुरा की रहने वाली अनु की शादी 25 जुलाई 2015 को गौतम मीणा से हुई थी. गौतम मीणा पीडब्ल्यूडी विभाग में एक्सईएन के पद पर कार्यरत हैं. शादी के कुछ समय बाद से ही गौतम शराब पीकर अनु को परेशान करता था. कई बार मारपीट और गाली गलौज करता था. बार-बार बेरहमी से पिटाई से तंग आकर अनु ने 7 अप्रैल को फांसी लगा ली. आत्महत्या करने से पहले उसने पति को वीडियो कॉल भी किया. इसके बाद आस पड़ोस के लोग पहुंचे और उन्होंने परिजनों को जानकारी दी. पड़ोसियों ने सीपीआर देकर भी अनु को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. 

गौतम ने गैस खुला छोड़कर मारना चाहा

मामला सिर्फ पिटाई या उत्पीड़न तक नहीं रह गया था. आरोप है कि गौतम ने अनु को मारने की कोशिश भी की. अनु के परिजनों के मुताबिक, मार्च-2026 में पति द्वारा घर में गैस खुला छोड़कर जान लेने की कोशिश भी की. इस घटना के बाद अनु बुरी तरह डर गई थी. इस घटना के बाद अनु पति का घर छोड़कर मायके आ गई थी, लेकिन गौतम उसे मनाने पहुंच गया. परिजनों ने भी बेटी का घर ना टूटे, इस आशंका के चलते पुलिस में शिकायत नहीं दी. बावजूद इसके गौतम नहीं सुधरा और अनु को लगातार परेशान करता रहा. अपनी जान को लगातार खतरा महसूस कर अनु ने आत्महत्या कर ली. मरने से पहले उसने परिजनों को मैसेज किए और पूरी आपबीती भी बताई. 

आरोपी पिता बेटे से बोला- तेरी मां ऐसी ही है...

अनु का 10 साल का बेटा माहिर अपने से 2 साल छोटी बहन समायरा का अब ख्याल रखता है. वह उसे खिलौनों से बहलाने की कोशिश कर रहा है. इन सबसे अनजान समायरा को नहीं पता कि उसकी मां की मौत आखिर कैसे हुई. दोनों बच्चे मम्मी-पापा के झगड़े के गवाह हैं. बेटे माहिर ने बताया कि पापा बहुत बार मम्मी को मारते थे. एक दिन घर आए टीवी पर पहले धुरंधर मूवी का गाना बजा दिया तो टीवी तोड़ दी और मम्मी को मारा. मम्मी ने मुझे कहा था कि जब भी मेरी बीपी लो हो जाए तो मुझे नमक का पानी पिला देना. मैं पानी लेकर गया था. पापा मुझसे कह रहे थे, मैं क्या करूं तेरी मां है ही ऐसी. वहीं, बेटी समायरा ने बताया कि एक बार तो शादी समारोह में ही लड़ाई हो गई थी. तब पापा ने बहुत कुछ मम्मी को बोला था और मारपीट करते थे. हम ऊटी घूमने गए थे, तब भी लड़ाई हुई थी.

अनु मीणा सुसाइड केस में परिजनों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं.

अनु के मोबाइल से बेटे ने खोले राज

हालांकि, घटना के कई दिन बाद तक भी अनु का परिवार कुछ समझ नहीं पाया. पूरी हकीकत तब सामने आई जब माहिर ने उसकी मां का फोन खोला. माहिर को अनु के मोबाइल का पासवर्ड पता था, जब मोबाइल खोला तो उसमें कुछ वीडियो दिए. इन वीडियो में अनु और गौतम झगड़ा करते नजर आ रहे थे. बताया जा रहा है कि इन वीडियो को खुद गौतम ने रिकॉर्ड किया था, जिसमें वो अनु को अपशब्द कहता सुनाई पड़ रहा है. 

Advertisement

मां बोली- काश उस दिन बेटी के पास चली जाती

वहीं, बेटी अनु को खो चुकी 56 साल की माया का रो-रोकर का बुरा हाल है. उन्हें अफसोस में है कि काश उस दिन वह अपनी बेटी के पास चली जाती तो ये सब नहीं होता. उनका कहना है, "बेटी अक्सर कहती थी कि मम्मी मेरा पति मुझे परेशान करता है, लेकिन नहीं पता था ऐसा हो जाएगा. मुझे चले जाना चाहिए था." 

मृतका के भाई नीरज मीणा को भी अंदाजा नहीं था कि बहन ऐसा कदम उठा लेगी. उसके मुताबिक, "हम हमेशा उसे कहते थे कि हमारे पास आकर रहने लग जा. लेकिन वह कहती थी कि गौतम अकेला है. उसका खाना पीना कैसे होगा. उसका पति अक्सर शराब के नशे में मारपीट करता और अगले दिन आकर माफी मांग लेता. इसी सब में हमने अपनी बहन खो दी. घटना के बाद भी गौतम को कोई अफसोस नहीं है. बल्कि उसने तो यहां तक कहा कि कोई दिक्कत नहीं है, कुछ दिन जेल में रह आऊंगा."

Advertisement

यह भी पढ़ेंः XEN पति को VIDEO कॉल कर महिला ने लगाई फांसी, पीछे रोते छोड़ गई दो मासूम; दिल झकझोर देगी ये कहानी

Featured Video Of The Day
Bharat Ki Baat Batata Hoon | Bengal Politics | TMC दफ्तर पर गरजा Suvendu का Bulldozer ! | Mamata