Rajasthan News: कोटा के आहलुवालिया मॉल स्थित INOX सिनेमा हॉल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नाइट शो के दौरान अचानक थिएटर की फॉल सीलिंग भरभरा कर गिर गई. घटना के तुरंत बाद सिनेमा हॉल में अफरा-तफरी मच गई और दर्शक अपनी जान बचाने के लिए सीटें छोड़कर बाहर की ओर भागे.
फिल्म के बीच हुआ हादसा
चश्मदीदों ने बताया कि वे आराम से फिल्म का आनंद ले रहे थे, तभी छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा. मलबे के गिरने की तेज आवाज सुनकर हॉल में मौजूद लोग घबरा गए और सुरक्षित बाहर निकलने के लिए दौड़ पड़े. गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई भी दर्शक घायल नहीं हुआ, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया.
प्रबंधन ने रोकी स्क्रीनिंग, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही मॉल प्रबंधन और सिनेमा हॉल का स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिल्म को बीच में ही रोक दिया गया और सभी दर्शकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. फिलहाल, इस घटना के बाद मॉल प्रशासन सवालों के घेरे में है. यह जानने की कोशिश की जा रही है कि आखिर इतनी मजबूत सीलिंग अचानक कैसे गिर गई. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं और पूरे हॉल की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें:- आत्मरक्षा में गोली चलाई गई, भय फैलाना मकसद नहीं था... खान सर की जमानत पर कोर्ट में चल रही सुनवाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं