महाराष्ट्र: कंप्यूटर पर फोटो लगाकर मनाएं बकरीद, मदरसे आतंकवाद का अड्डा-BJP नेता नितेश राणे

महाराष्ट्र के बंदरगाह विकास मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे ने हिंदू त्योहारों पर ज्ञान देने वाले पर्यावरणविदों पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने पर्यावरण प्रेमियों को चुनौती देते हुए बकरीद पर 'वर्चुअल' त्योहार मनाने और कंप्यूटर पर बकरी काटने की सलाह देने की बात कही.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

महाराष्ट्र के बंदरगाह विकास मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे अपने बयानों को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं. उन्होंने हिंदू त्योहारों पर पर्यावरण के नाम पर ज्ञान देने वाले विचारकों, मदरसों की शिक्षा प्रणाली और गो-हत्या जैसे संवेदनशील मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी है. नितेश राणे ने पर्यावरणविदों को आड़े हाथों लेते हुए मुसलमानों को 'वर्चुअल बकरीद' मनाने की सलाह देने की चुनौती दी है.

पर्यावरण प्रेमियों को चुनौती: 'बकरीद पर क्यों नहीं देते ज्ञान?'

नितेश राणे ने कहा कि जब भी हिंदुओं के त्योहार जैसे होली या दिवाली आते हैं, तो कुछ लोग ज्ञान देने के लिए आगे आ जाते हैं. वे कहते हैं कि ड्राई होली मनाओ, पटाखे मत फोड़ो. राणे ने वीर सावरकर के एक कथन का जिक्र करते हुए कहा, "सावरकर जी ने कहा था कि हिंदुओं को मुसलमानों से नहीं, बल्कि अपने ही कुछ नालायक हिंदुओं से खतरा है."

उन्होंने पर्यावरणविदों को चुनौती देते हुए कहा, "अब बकरीद आई है, तो हिम्मत है तो उनसे बोलिए कि कंप्यूटर पर बकरी की फोटो लगाकर वर्चुअल बकरीद मनाएं. जीवों को क्यों परेशान कर रहे हैं? अगर पर्यावरण वालों ने ऐसा ज्ञान दिया, तो वे खुद ढूंढते नजर आएंगे."

गीता और कुरान की तुलना पर बयान

धार्मिक ग्रंथों का उल्लेख करते हुए राणे ने दावा किया कि भगवद् गीता में कभी भी किसी दूसरे का धर्म बदलकर अपने धर्म को बढ़ाने की बात नहीं कही गई है. उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज और छत्रपति संभाजी महाराज के इतिहास का उदाहरण देते हुए कहा कि औरंगजेब के 40 दिनों के अत्याचार के बाद भी संभाजी महाराज ने धर्म परिवर्तन नहीं किया. उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म परिवर्तन की बातें अन्य धार्मिक विचारों में हैं, सनातन संस्कृति में नहीं.

Advertisement

मदरसों पर तीखा हमला: 'ये आतंकवाद के अड्डे हैं'

पुलिस महकमे को सुझाव देते हुए भाजपा नेता ने मदरसों को लेकर बेहद गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा, "मैं पहले दिन से कह रहा हूं कि ये मदरसे शिक्षा नहीं देते, बल्कि आतंकवादियों के अड्डे हैं. राज्य में हिंदुत्ववादी विचारधारा की सरकार है, इसलिए पुलिस को वहां जोरदार छापेमारी करनी चाहिए. जो पुलिस अधिकारी कार्रवाई करेंगे, उन्हें मेडल दिलवाने की जिम्मेदारी मेरी है." उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मदरसों से निकले लोग डॉक्टर-इंजीनियर नहीं बनते.

गो-रक्षा करने वाले पुलिसकर्मियों को इनाम और पोस्टिंग का वादा

नितेश राणे ने गो-हत्या के खिलाफ सरकार द्वारा जारी किए गए हालिया कठोर आदेशों का जिक्र किया. उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि वे भगवाधारियों पर ध्यान देने के बजाय सरकारी आदेश का पालन करवाएं. राणे ने घोषणा की, "हमारी गाय माता को सुरक्षित रखने वाले और इस आदेश का पालन करने वाले पुलिसकर्मियों को अच्छी जगह पोस्टिंग मिलेगी. साथ ही उनका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देवेंद्र फडणवीस के हाथों सत्कार करवाया जाएगा."

Advertisement

अतिक्रमण और कानून व्यवस्था पर सख्त रुख

बांद्रा के गरीब नगर में रेलवे की जमीन पर हुए अवैध अतिक्रमण और मस्जिद पर चले बुलडोजर का जिक्र करते हुए राणे ने कहा कि जब अवैध निर्माण तोड़ा जाता है, तो पुलिस पर हमले किए जाते हैं. उन्होंने पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि वे दंगाइयों के खिलाफ अपने डंडे तैयार रखें और सही जगह इस्तेमाल करें. 

ये भी पढ़ें-  ट्विशा शर्मा: दोबारा पोस्‍टमार्टम के बाद तेरहवीं के दिन अंतिम संस्कार, जानें 13 दिनों की पूरी टाइमलाइन

Featured Video Of The Day
वक़्फ़ संपत्तियों को दिए गए नोटिस पर फिरंगी महल के प्रवक्ता और सुन्नी धर्मगुरु मौलाना सूफ़ियान निज़ामी क्‍या बोले?
Topics mentioned in this article