Cobra Snake CPR Viral Video: तेज गर्मी अब सिर्फ इंसानों को ही नहीं, बल्कि जंगल और आसपास रहने वाले जीव-जंतुओं के लिए भी जानलेवा साबित हो रही है. एक दिल छू लेने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कोबरा सांप को बचाने के लिए सर्प मित्र ने पूरी कोशिश की, यहां तक कि उसे सीपीआर भी दिया गया, लेकिन आखिरकार उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. यह घटना बढ़ती गर्मी के खतरनाक असर की एक बड़ी चेतावनी बनकर सामने आई है.
भीषण गर्मी से कोबरा की मौत
एमपी के बड़वानी जिले के अंजड के पास ग्राम दवाना में एक कोबरा सांप की मौत का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि इलाके में लगातार बढ़ते तापमान और पानी की कमी के कारण सांप बेहद कमजोर हो गया था. गर्मी इतनी ज्यादा थी कि वह अपने शरीर का संतुलन नहीं रख पाया और बेसुध अवस्था में पहुंच गया.
सर्प मित्र ने बचाने की पूरी कोशिश की
स्थानीय लोगों ने जब सांप की हालत खराब देखी तो तुरंत तलवाड़ा डेब से सर्प मित्र निलेश उपाध्याय को मौके पर बुलाया. उन्होंने मौके पर पहुंचकर सांप को बचाने की कोशिश की और उसे सीपीआर भी दिया. हालांकि काफी प्रयासों के बावजूद सांप की हालत सुधार नहीं पाई और उसकी मौत हो गई.
क्यों जानलेवा होती है गर्मी?
विशेषज्ञों का कहना है कि सांप जैसे सरीसृप ठंडे खून वाले जीव होते हैं. उनका शरीर बाहरी तापमान पर निर्भर करता है. ऐसे में जब तापमान बहुत ज्यादा बढ़ जाता है, तो वे खुद को संभाल नहीं पाते. हीटवेव जैसी स्थिति उनके लिए बेहद खतरनाक साबित होती है और कई बार यह जानलेवा भी बन जाती है.
लोगों से की गई खास अपील
सर्प मित्र निलेश उपाध्याय ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में केवल इंसानों के लिए ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों और अन्य जीवों के लिए भी पानी की व्यवस्था करें. अगर कहीं कोई घायल या बीमार जीव दिखाई दे, तो तुरंत वन विभाग या संबंधित टीम को सूचना दें. यह घटना एक बड़ी चेतावनी की तरह है कि बढ़ती गर्मी और बदलते मौसम का असर हर जीव पर पड़ रहा है.














