विज्ञापन

फ्रिज हो गई है खराब? तो दूध, दही और सब्जियों को फ्रेश रखने के लिए अपनाएं पुराने जमाने के ये देसी तरीके

गर्मी के मौसम में दूध, दही और सब्जियों को बिना फ्रिज के करना है स्टोर तो, इस आर्टिकल में बताए टिप्स और ट्रिक्स को जरूर करें ट्राई.

फ्रिज हो गई है खराब? तो दूध, दही और सब्जियों को फ्रेश रखने के लिए अपनाएं पुराने जमाने के ये देसी तरीके
फ्रिज नहीं है, तो दूध और सब्जियों को कैसे स्टोर करें. (Image istoke)

फ्रिज आज के समय में हमारी जिंदगी का एक बेहद जरूरी हिस्सा बन चुका है. सुबह की चाय के लिए दूध बचाना हो, दोपहर के खाने के लिए दही जमाना हो या हफ्ते भर की हरी सब्जियां स्टोर करनी हों हम सब कुछ उठाकर फ्रिज में डाल देते हैं. लेकिन जरा सोचिए, अगर आपके घर में फ्रिज न हो, या गर्मियों के दिनों में घंटों के लिए बिजली कट जाए, या आपका फ्रिज खराब हो गया है, तो ऐसे में आप क्या करेंगे. 

दरअसल हमारे देश में सदियों से लोग बिना फ्रिज के भी खाने-पीने की चीजों को एकदम ताजा रखते आए हैं. हमारी दादी-नानी के पास ऐसे कमाल के देसी जुगाड़ (Desi Jugaad) हुआ करते थे, जिससे कड़कती गर्मी में भी न तो दूध फटता था और न ही सब्जियां सड़ती थीं. तो ​आइए जानते हैं कुछ ऐसे ही आसान और असरदार घरेलू तरीकों के बारे में, जिन्हें अपनाकर आप बिना फ्रिज के भी अपने खाने को खराब होने से बचा सकते हैं.

फ्रिज के बिना ऐसे करें दूध-दही और सब्जियों को स्टोर-

दूध को फटने से कैसे बचाएं-

​अगर फ्रिज नहीं है, तो दूध को संभालना सबसे बड़ी समस्या है. दूध को खराब होने से बचाने के लिए दिन में कम से कम 3 से 4 बार अच्छी तरह उबालें. ध्यान रखें कि हर बार उबालने के बाद उसे किसी जालीदार ढक्कन से ही ढकें, न कि किसी सॉलिड प्लेट से. भाप बाहर निकलना बहुत जरूरी है.

​दूसरी ट्रिक- एक बड़े गहरे बर्तन में ठंडा पानी भरें और दूध के भगोने को उस पानी के बीच में रख दें. पानी की ठंडक से दूध का तापमान कम रहेगा और वह लंबे समय तक फ्रेश रहेगा. 

दही को खट्टा होने से कैसे बचाएं-

​गर्मी के मौसम में दही बहुत जल्दी खट्टा हो जाता है और फिर उसका स्वाद बिगड़ जाता है. बिना फ्रिज के दही को ठीक रखने के लिए उसे हमेशा मिट्टी के बर्तन में जमाएं. मिट्टी के बर्तन में छोटे-छोटे छेद होते हैं, जिससे पानी धीरे-धीरे उड़ता रहता है और बर्तन के अंदर का तापमान ठंडा बना रहता है.

​​हरी सब्जियों को खराब होने से कैसे बचाएं- 

​धनिया पत्ती, पुदीना, पालक और मेथी जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां फ्रिज के बाहर चंद घंटों में ही सूखकर काली पड़ने लगती हैं. इन्हें फ्रेश रखने के लिए एक सूती कपड़ा या पुराना अखबार लें, उसे पानी से हल्का सा गीला करें और सब्जियों को उसमें लपेटकर किसी ठंडी और हवादार जगह पर रख दें. बीच-बीच में कपड़े पर पानी की बूंदें छिड़कते रहें. 

​वहीं, भिंडी, परवल या बीन्स जैसी सब्जियों को आप एक टोकरी में रखकर उसके ऊपर गीला बोरा या जूट का कपड़ा ढककर भी फ्रेश रख सकते हैं.

ये भी पढ़ें-  रोज पहनते हैं T-Shirt, पर T का मतलब नहीं जानते 99% लोग, जानें इसकी कहानी और रोचक फैक्ट्स

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kitchen Tips & Tricks, Refrigerator Storage Deals, Summer Tips
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com