UP Police Constable Exam: पूरे उत्तर प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए परीक्षा चल रही है. पहले दिन तमाम जिलों में परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई, लेकिन कुछ जगहों से नकल करने वाले मुन्नाभाई भी पकड़े गए. हापुड़ में चल रही यूपी पुलिस परीक्षा 2025 के दौरान नकल का एक सनसनीखेज मामला सामने आया. परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन छिपाकर ले जाने वाले एक अभ्यर्थी को कर्मचारियों की सतर्कता से पकड़ लिया गया. मामले में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. वहीं सुरक्षा जांच में लापरवाही बरतने वाले छह पुलिसकर्मियों पर भी बड़ी कार्रवाई हुई है.
ऐसे पकड़ा गया नकलची
ये पूरा मामला हापुड़ के पिलखुआ स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज का है, जहां आरक्षी भर्ती परीक्षा की प्रथम पाली चल रही थी. इसी दौरान अमरोहा निवासी परीक्षार्थी सचिन शौचालय जाने का बहाना बनाकर पुरुष शौचालय में गया. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर कर्मचारियों को शक हुआ. जब टॉयलेट की जांच की गई तो वहां से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जो परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित था.
प्रारंभिक पूछताछ में अभ्यर्थी सचिन ने बताया कि वह सुबह परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान मोबाइल फोन को अपने अंडरवियर में छिपाकर अंदर ले आया था. परीक्षा कक्ष में जाने से पहले उसने मोबाइल को पुरुष शौचालय में छिपा दिया था, ताकि जरूरत पड़ने पर उसका इस्तेमाल कर सके. मामले को गंभीरता से लेते हुए परीक्षा केंद्र प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह की तहरीर पर थाना पिलखुआ में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2024 की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.
पुलिसकर्मियों को किया गया सस्पेंड
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि अभ्यर्थी किसी नकल गिरोह के संपर्क में तो नहीं था.वहीं परीक्षा केंद्र पर चेकिंग और फ्रिस्किंग की ड्यूटी में लापरवाही सामने आने के बाद हापुड़ एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो उपनिरीक्षकों समेत कुल छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. भर्ती परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पूरे मामले की जांच जारी है.आरक्षी भर्ती जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में नकल की कोशिश और सुरक्षा व्यवस्था में चूक को लेकर प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है. फिलहाल आरोपी अभ्यर्थी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है.
एसपी ने क्या कहा?
इस मामले को लेकर एसपी हापुड़ कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि "आरक्षी भर्ती परीक्षा 2025 के दौरान पिलखुआ स्थित परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी द्वारा प्रतिबंधित मोबाइल फोन को छिपाकर परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने का मामला सामने आया है. मामले में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2024 के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है. परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. वहीं चेकिंग एवं फ्रिस्किंग ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर दो उपनिरीक्षकों सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. भर्ती परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."
ये भी पढ़ें - DSSSB ने निकाली 1,979 पदों पर बंपर भर्ती, 16 जून से शुरू होंगे आवेदन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं