DSSSB Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. दिल्ली सबॉर्डिनेट सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड (DSSSB) ने हाल ही में अलग-अलग ग्रुप-B और ग्रुप-C पदों पर भर्ती का ऐलान किया है. इस भर्ती के जरिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली (GNCTD) के विभागों, ऑटोनोमस बॉडीज और स्थानीय संस्थाओं में कुल 1,979 रिक्त पदों को भरा जाएगा. इस भर्ती में अकैडमिक, टेक्निकल, साइंटिफिक और प्रशासनिक कैटेगिरी के कई पद शामिल हैं.
16 जून से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
DSSSB की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 जून 2026 को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार DSSSB के ऑफिशियल पोर्टल के जरिए 15 जुलाई 2026 रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.
इन पदों पर सबसे ज्यादा भर्ती
इस भर्ती में सबसे ज्यादा पद टीचिंग के लिए निकाले गए हैं. DSSSB ने ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (कंप्यूटर साइंस) के 675 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इसके अलावा स्पेशल एजुकेटर (प्राइमरी) के 450 पद, ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (स्पेशल एजुकेशन) के 163 पद और डोमेस्टिक साइंस टीचर के 129 पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी. अकैडमिक्स में करियर बनाने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए यह एक बड़ा अवसर माना जा रहा है.
टेक्निकल और सइंटिफिक पदों पर भी अवसर
टेक्निकल और सइंटिफिक क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में वैकेंसी निकाली गई हैं. IT असिस्टेंट ग्रेड-A के 125 पद और जूनियर साइंटिफिक असिस्टेंट (साइबर फॉरेंसिक) के 81 पदों पर भर्ती की जाएगी. इसके अलावा बायोलॉजी, बैलिस्टिक्स, केमिस्ट्री, डॉक्यूमेंट्स, फिंगरप्रिंट, फोटो, क्राइम सीन और फिजिक्स जैसे सब्जेक्ट्स में जूनियर साइंटिफिक असिस्टेंट के पद भी शामिल हैं. इसके अलावा असिस्टेंट आर्किविस्ट ग्रेड-I, टेक्निकल असिस्टेंट (हिंदी), इलेक्ट्रिकल ओवरसियर/सब-इंस्पेक्टर, सब-स्टेशन अप्रेंटिस, लिफ्ट ऑपरेटर और असिस्टेंट ऑपरेटर कम मैकेनिक (एसी) जैसे पदों पर भी भर्ती की जाएगी.
क्या है आयुसीमा
भर्ती के लिए तय उम्र पद के अनुसार अलग-अलग रखी गई है. ज्यादातर जूनियर साइंटिफिक असिस्टेंट पदों के लिए उम्र 18 से 27 साल है. टेक्निकल असिस्टेंट (हिंदी) और असिस्टेंट आर्किविस्ट ग्रेड-I के लिए अधिकतम उम्र 30 साल है. वहीं IT असिस्टेंट ग्रेड-A के लिए अधिकतम उम्र 27 साल, फिटर ग्रेड-II के लिए 20 से 32 साल तथा लिफ्ट ऑपरेटर के लिए 18 से 37 साल उम्र तय की गई है. इस दौरान आरक्षित वर्गों को नियमानुसार उम्र में छूट मिलेगी.
सिलेक्शन प्रोसेस
DSSSB के अनुसार, सिलेक्शन प्रोसेस पदों के अनुसार अलग-अलग होगा. इसमें लिखित परीक्षा, स्किल टेस्ट या एप्टीट्यूड टेस्ट, डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन, मेडिकल टेस्ट और फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार करने की प्रक्रिया शामिल हो सकती है. उम्मीदवारों को आवेदन के दौरान सभी जरूरी डॉक्युमेंट्स अपलोड करने होंगे और तय समय सीमा के भीतर आवेदन जमा करना होगा.
SBI में 7,150 पदों के लिए अब तक नहीं किया आवेदन? इस तारीख तक बढ़ गई डेडलाइन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं