- मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गर्मी में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए
- ट्रांसमिशन नेटवर्क की मजबूती और भरोसेमंदता बढ़ाने के लिए सतत मॉनिटरिंग और जवाबदेही प्रणाली लागू की गई है
- पावर ट्रांसफॉर्मर क्षति में पिछले वर्षों की तुलना में करीब अस्सी प्रतिशत की कमी आई है
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती भी अलग परीक्षा ले रही है. यूपी के कई शहरों में बिजली गुल होने की शिकायतों ने सीएम योगी आदित्यनाथ को भी नाराज कर दिया है.लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़ समेत कई शहरों में अघोषित कटौती से परेशान लोग सड़कों पर आ गए. सीएम योगी ने स्थिति बिगड़ती देख आज बिजली मंत्री एके शर्मा समेत तमाम बड़े अधिकारियों संग बैठक बुलाई. सीएम योगी ने सख्त निर्देष दिए कि उत्तर प्रदेश के गांव हों या शहर, भीषण गर्मी के बाद भी लोगों को निर्बाध रूप से बिजली देने का काम किया जाए.
सीएम योगी ने कहा-बिना रुकावट मिले सबको बिजली
योगी आदित्यनाथ की इस विशेष बैठक में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, एमडी और चेयरमैन आशीष गोयल समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे. सीएम योगी ने कहा कि सभी को बढ़ती बिजली मांग के बीच उत्पादन क्षमता बढ़ाने और सभी इकाइयों को पूरी दक्षता से संचालित करने के निर्देश दिए हैं. सीएम योगी का साफ निर्देश है कि गांव हो या नगर, भीषण गर्मी में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए.
यूपी सीएम ने बैठक में ऊर्जा विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि बिलिंग और कलेक्शन क्षमता बढ़ाने की जरूरत है. ट्रांसमिशन नेटवर्क को और मजबूत व भरोसेमंद बनाने पर भी मुख्यमंत्री का जोर है. सीएम ने कहा कि फीडर वाइज मॉनीटरिंग करके जवाबदेही तय हो, शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें. सीएम योगी ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश की पीक बिजली मांग 30,339 मेगावाट तक पहुंच गई है. योगी ने इसके साथ आंधी-तूफान के बावजूद विद्युत व्यवस्था बहाल रखने के लिए त्वरित रिस्पॉन्स सिस्टम सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए हैं.
बिजली क्यों नहीं आ रही, समाधान भी बताएं- सीएम योगी
प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आम जन को बिजली आपूर्ति के बारे में सही जानकारी देने के साथ उसका समाधान कब तक करेंगे यह भी बताएं.स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को समय पर और सही बिल उपलब्ध कराइए. इसके साथ प्रदेशवासियों को बेहतर, भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में किसी भी प्रकार की तकनीकी बाधा को न्यूनतम रखा जाए तथा ट्रांसमिशन नेटवर्क की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए. बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड के पास वर्तमान में 60,858 सर्किट किलोमीटर लंबी ट्रांसमिशन लाइनें संचालित हैं.प्रदेश में 715 उपकेंद्रों के माध्यम से 2,05,632 एमवीए क्षमता उपलब्ध है. ट्रांसमिशन नेटवर्क की उपलब्धता 99.30 प्रतिशत दर्ज की गई है, जबकि पारेषण हानियां घटकर 3.2 प्रतिशत रह गई हैं.
बिजली के मुद्दे पर कहां सफल हुई योगी सरकार?
बैठक में बताया गया कि 4, 7 और 15 मई को आए आंधी-तूफान के कारण प्रदेश में 38 सब-स्टेशन और 326 फीडर प्रभावित हुए, लेकिन मरम्मत एवं बहाली कार्य तेजी से कराया गया. मुख्यमंत्री ने भूमिगत केबल वाले स्थलों पर खुदाई से पूर्व सक्षम प्राधिकारी से विधिवत स्वीकृति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए ताकि विद्युत व्यवस्था बाधित न हो.
मुख्यमंत्री ने ट्रांसफॉर्मर क्षति की घटनाओं में कमी को सकारात्मक बताते हुए इसे और बेहतर करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2022-23 की तुलना में पावर ट्रांसफॉर्मर क्षति में लगभग 80 प्रतिशत की कमी आई है.वर्ष 2022-23 में 429 पावर ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हुए थे, जबकि वर्ष 2025-26 में यह संख्या घटकर 87 रह गई.बैठक में यह भी बताया गया कि 100 केवीए से अधिक क्षमता वाले वितरण ट्रांसफॉर्मरों की क्षति दर में भी उल्लेखनीय कमी आई है. वर्ष 2022-23 में जहां 39,177 बड़े ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हुए थे, वहीं वर्ष 2025-26 में यह संख्या घटकर 20,292 रह गई.अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा तंत्र की व्यापक स्थापना, समयबद्ध मरम्मत और जवाबदेही तय किए जाने से यह सुधार संभव हुआ है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली आपूर्ति केवल तकनीकी विषय नहीं बल्कि आमजन के जीवन, किसानों की सिंचाई, व्यापारिक गतिविधियों और औद्योगिक विकास से जुड़ा विषय है. उन्होंने निर्देश दिए कि फील्ड अधिकारियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित हो और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को गर्मी के मौसम में पर्याप्त विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. सभी डिस्कॉम मिलकर इसे पूरा करेंगे.
यह भी पढ़ें- UP में बिजली संकट पर CM योगी सख्त, इतने घंटे लाइट देने का आदेश; शिकायत के लिए तुरंत नोट कर लें ये नंबर
यह भी पढ़ें- चौराहों पर यमराज खड़ा है...यूपी में छेड़खानी करने वालों को सीएम योगी ने दी सबसे बड़ी चेतावनी-Video
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं