विज्ञापन

बेटे ने 72 साल के बाप को बेरहमी से पीटा, पुलिस ने किया अरेस्‍ट, पिता ने कहा- "मेरे बेटे को छोड़ दो..."

सहारनपुर में बेटे ने पिता को सरेआम बेरहमी से पीटा और घटना CCTV में कैद हो गई. सीसीटीवी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो पुलिस ने बेटे को गिरफ्तार कर लिया. लेकिन अब ये पिता ही बेटे की रिहाई की गुहार पुलिस से लगा रहा है.

बेटे ने पीटा, फिर भी पिता ने पुलिस से लगाई उसकी रिहाई की गुहार (फोटो- NDTV)
सहारनपुर:

"मेरे बेटे को छोड़ दो, उसने कोई गलती नहीं की है...", ये एक पिता का प्‍यार ही है, जो उसे ये कहने पर मजबूर कर रहा है. उत्‍तर प्रदेश के सहारनपुर में एक बेटे ने अपने बुजुर्ग पिता को सरेआम पीटा. गालियां दीं, थप्‍पड़ मारे, गला तक दबाने की कोशिश की. बेटे की ये शर्मनाक हरकत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे डाल दिया. लेकिन अब बुजुर्ग पिता ही पुलिस से गुहार लगा रहा है कि उसके बेटे को छोड़ दिया जाए.    

बेटे ने बाप को बेरहमी से पीटा 

सहारनपुर जनपद के थाना कुतुबशेर क्षेत्र स्थित मानकमऊ से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली ये घटना सामने आई है. बेटे द्वारा पिता को बेरहमी से पीटने की घटना  CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में बुजुर्ग हाजी तहसीन के साथ उनके बेटे गुल्फिशान को बीच सड़क मारपीट करते हुए देखा जा सकता है. वीडियो में बेटे ने अपने पिता को थप्पड़ मारे और उनका गला घोंटने का भी प्रयास किया.     

Latest and Breaking News on NDTV

वीडियो हुआ सोशल मीडिया पर वायरल 

घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और सोशल मीडिया पर सहारनपुर पुलिस को टैग करते हुए  बेटे गुल्फिशान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी. बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के चलते बाप-बेटे के बीच कहासुनी हुई, जिसके बेटे ने अपने बाप पर ही हाथ उठा दिया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया और थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी.

Latest and Breaking News on NDTV

पिता ने कहा- बेटे को छोड़ दो 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. लेकिन इस बीच बुजुर्ग हाजी तहसीन का फोन भी आ गया, जो बेटे को छोड़ने की मांग कर रहे हैं. हमने अभी तक बेटे गुल्फिशान पर कोई केस दर्ज नहीं किया है. हालांकि, हम जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेंगे. इस घटना ने न केवल स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है, बल्कि बुजुर्गों के प्रति बढ़ते दुर्व्यवहार और पारिवारिक मूल्यों में आ रही गिरावट को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ये भी पढ़ें :- यूपी के फिरोजाबाद टोल नाके पर गुंडागर्दी और मारपीट की तस्वीरें CCTV में हुईं कैद

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Saharanpur, Viral Video, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com