अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो इस वक्त भारत में हैं. रविवार को मार्को रूबियो दिल्ली में एक कार्यक्रम में शामिल हुए. इस कार्यक्रम में भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर और विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी मौजूद थे. तभी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ऑनलाइन वीडियो के जरिए इस कार्यक्रम से जुड़े. ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए खुद को उनका 'बड़ा फैन' बताया. इसी दौरान ट्रंप ने 'आई लव प्राइम मिनिस्टर मोदी' भी कहा.
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने ट्रंप के वीडियो कॉल को सबको सुनाया. कॉल के दौरान ट्रंप ने कहा, 'मुझे पता है कि आप वहां और मुझे उम्मीद है कि आप भाषण दे रहे हैं. सर्जियो, आपको हमारे देश का प्रतिनिधित्व करना है. लेकिन मैं बस सबको हैलो कहना चाहता हूं.'
पीएम मोदी की तारीफ करते हुए ट्रंप ने कहा, 'आई लव प्राइम मिनिस्टर. मोदी बहुत बढ़िया हैं. वह मेरे दोस्त हैं.' ट्रंप ने आगे कहा कि 'मैं प्रधानमंत्री मोदी का बहुत बड़ा फैन हूं.'
कॉल के दौरान ट्रंप ने भारतीयों के लिए भी एक मैसेज दिया. उन्होंने कहा, 'मैं बस आप सबको गुड इवनिंग कहना चाहता हूं. यहां सुबह है और वहां शाम है और मैं बस ये कहना चाहता हूं कि आप लोग बहुत महान हैं. और हम भारत के पहले से कहीं ज्यादा करीब हैं. भारत मुझ पर और हमारे देश पर 100% भरोसा कर सकता है. अगर उन्हें किसी भी तरह की मदद चाहिए तो उन्हें पता है कि कहां संपर्क करना है.'
ट्रंप ने मार्को रूबियो को बेहतरीन विदेश मंत्री बताया. उन्होंने कहा, 'मुझे पूरा यकीन है कि आप हमारा प्रतिनिधित्व बहुत अच्छे ढंग से करेंगे. आप सभी लोग अपनी शाम को एंजॉय कीजिए. प्रधानमंत्री मोदी से बात करना और उन्हें हैलो कहना मेरे लिए एक सम्मान की बात है. और यह जरूर बताइएगा कि मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं.'
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बताया कि ट्रंप जब भी कॉल करते हैं तो पीएम मोदी के बारे में पूछते हैं. उन्होंने कहा, 'जब भी राष्ट्रपति ट्रंप और मैं बात करते हैं तो उनका सबसे पहला सवाल यही होता है कि मेरे दोस्त प्रधानमंत्री मोदी कैसे हैं?'














