केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मुंबई से अहमदाबाद की दूरी महज एक घंटे की होने वाली है. NDTV से बात करते हुए रेल मंत्री ने बताया कि बुलेट ट्रेन का काम तेजी से चल रहा है.बुलेट ट्रेन की सवारी मिडिल क्लास की सवारी बनेगी. आने वाले दिनों में देश में 7 और बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर काम शुरू होगा.
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन पर क्या अपडेट?
रेल मंत्री ने बताया कि मुबंई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है. यह प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद मुंबई से अहमदाबाद तक पहुंचने में 1 घंटा 57 मिनट लगेंगे. उन्होंने कहा कि यह कॉरिडोर अलग-अलग सेक्शन में तैयार हो रहा है. पहला सेक्शन सूरत से बिलीमोरा का काम इसी साल दिसंबर में पूरा हो जाएगा. अगले साल अगस्त में इसका उद्घाटन हो जाएगा.
'आम आदमी के बजट में होगा बुलेट ट्रेन का सफर'
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देश के मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों के लिए निजी कार से सफर करना मुश्किल है. इसलिए बजट में ट्रांसपोर्टेशन होना बहुत जरूरी है. ऐसे में बुलेट ट्रेन सबसे सुलभ माध्यम बनेगा. बुलेट ट्रेन की सवारी मध्यम वर्ग की सवारी बनेगी. उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन का सफर बजट में ही होगा और जल्द ही इसका किराया भी जारी किया जाएगा.

7 और बुलेट ट्रेन कॉरिडोर होंगे तैयार
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि केंद्र सरकार ने बजट में सात और बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को मंजूरी दी है.
- मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन: 1 घंटा 57 मिनट (काम जारी)
- मुंबई-पुणे बुलेट ट्रेन: 48 मिनट
- बेंगलुरु-चेन्नई बुलेट ट्रेन: 73 मिनट
- बेंगलुरु-हैदराबाद बुलेट ट्रेन: 2 घंटा 10 मिनट
- पुणे-हैदराबाद बुलेट ट्रेन: 2 घंटे 8 मिनट
- दिल्ली-लखनऊ बुलेट ट्रेन: 2 घंटे
- दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन: सवा 3 घंटे
- दिल्ली-सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन: 6 घंटे
'देश का 99.4% ट्रैक हुआ इलेक्ट्रिफाई'
रेल मंत्री ने बताया कि देश में करीब 70 हजार किलीमीटर रेलवे ट्रैक के अपग्रेड किया गया है. पुरानी पटरियों को बदलकर नई पटरियां लगाई जा रही हैं. करीब 36000 किमी नई पटरियां लगाई गई हैं. करीब 60 हजार किमी रूट को इलेक्ट्रिफाई किया. देश में अब 99.4 प्रतिशत रूट अब इलेक्ट्रिफाई है.
ट्रेनों में कब खत्म होगी वेट लिस्ट, रेल मंत्री ने दिया जवाब
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से जब पूछा गया कि लोगों को ट्रेनों की वेटिंग लिस्ट से कब राहत मिलेगी? तो उन्होंने बताया कि देश में बड़ी आबादी ट्रेनों से सफर करती है. जहां सालभर में 35 करोड़ लोग एयरलाइन और 250 करोड़ लोग सड़क मार्ग से सफर करते हैं, वहीं सिर्फ रेलवे से 750 करोड़ लोग सफर करते हैं. उन्होंने कहा कि रेलवे तेजी से नई पटरियां बिछाने का काम कर रहा है. हमें वेटिंग लिस्ट के दबाव को कम करने के लिए दो-ढाई हजार नई ट्रेनें शुरू करनी होंगी. रेलवे इस दिशा में काम कर रहा है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली से सिलीगुड़ी नई बुलेट ट्रेन का ऐलान, 6 घंटे में 1500 किमी, लखनऊ, बनारस-पटना से बंगाल तक 11 स्टेशन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं