- पुणे के तलेगांव MIDC स्थित शैफलर इंडिया कंपनी में कार्बन डाइऑक्साइड गैस के रिसाव से दो कर्मचारियों की मौत हुई.
- गणेश उंबरे और वैभव थोरात की मौके पर ही मौत हुई, जबकि तीन अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से बीमार हैं.
- हादसे के बाद प्रशासन ने पूरे इलाके की घेराबंदी की और गैस रिसाव को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए.
पुणे के मावल तालुका स्थित तलेगांव MIDC के नवलाख उंबरे इलाके में स्थित ‘शैफलर इंडिया' कंपनी में एक बड़ा हादसा सामने आया है. यहां कार्बन डाइऑक्साइड गैस के रिसाव से दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य कर्मचारी बीमार पड़ गए हैं. शुरुआती जानकारी में इसे गैस सिलेंडर ब्लास्ट बताया जा रहा था. लेकिन प्रशासनिक जांच में साफ हुआ है कि यह हादसा विस्फोट नहीं बल्कि गैस लीक होने के कारण हुआ है.
इस दुर्घटना में दो कर्मचारियों गणेश उंबरे और वैभव थोरात की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, गैस की चपेट में आने से श्रीकृष्ण साहू, गौरीशंकर शर्मा और नरसिंह पाटील गंभीर रूप से बीमार बताए जा रहे हैं. तीनों घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां आईसीयू में उनका इलाज जारी है.
गैस रिसाव को पूरी तरह रोका गया
हादसे की खबर मिलते ही कंपनी प्रशासन, MIDC की सुरक्षा टीम और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. एहतियात के तौर पर प्रशासन ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है. गैस रिसाव को पूरी तरह रोकने और परिसर को सुरक्षित करने के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह गैस लीक किसी तकनीकी खराबी के कारण हुई या इसके पीछे कोई मानवीय लापरवाही थी.
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही MIDC सुरक्षा दल, फायर ब्रिगेड और पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. संबंधित विभागों ने फौरन मुस्तैदी दिखाते हुए प्रभावित इलाके को खाली कराया और सुरक्षात्मक कदम उठाए. गैस लीक का असर कंपनी के अन्य विभागों पर न पड़े, इसके लिए सभी जरूरी एहतियात बरते जा रहे हैं. गैस रिसाव किस वजह से हुआ, इसका सटीक कारण अभी तक साफ नहीं हो पाया है और मामले की जांच जारी है.
शैफलर इंडिया Schaeffler India एक प्रमुख जर्मन ऑटोमोटिव और इंडस्ट्रियल कंपोनेंट्स बनाने वाली मल्टीनेशनल कंपनी MNC है. भारत में इसके कई बड़े प्लांट्स हैं, जिनमें से एक पुणे के तलेगाव एमआयडीसी में स्थित है.
ये भी पढ़ें : प्राइवेट जॉब वाले ध्यान दें! इंजीनियर्स की सैलरी 10% बढ़ सकती है, आपकी कितनी बढ़ेगी? सेक्टर वाइज रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं