- कपूरथला केंद्रीय जेल में कैदियों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिससे जेल परिसर में हड़कंप मच गया.
- झड़प में कैदियों ने बैरकों में तोड़फोड़ की और आग लगाने की कोशिश भी की, जिससे स्थिति गंभीर हो गई.
- पुलिस ने झड़प के बाद कैदियों से लोहे की छड़ें, लाठियां और मोबाइल फोन जब्त किए हैं.
पंजाब के कपूरथला केंद्रीय जेल में शनिवार रात अचानक बवाल मच गया, जब कैदियों के दो गुट आपस में भिड़ गए. देखते ही देखते यह झगड़ा हिंसक रूप ले गया और पूरे जेल परिसर में हड़कंप मच गया. कैदियों ने बैरकों में जमकर तोड़फोड़ की और हालात इतने बिगड़ गए कि जेल के एक हिस्से में आग लगाने की भी कोशिश की गई. अब इस घटना को लेकर चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जेल के भीतर कुछ कैदी किसी बड़ी साजिश की तैयारी में थे और यह बवाल उसी का हिस्सा हो सकता है.
लोहे की छड़ें, लाठियां और मोबाइल फोन जब्त
अधिकारियों ने बताया कि रविवार को कपूरथला जेल में झड़प के बाद उत्पात मचाने वाले कैदियों से पुलिस ने लोहे की छड़ें, लाठियां और मोबाइल फोन जब्त किए हैं. पुलिस ने बताया कि झड़प के दौरान दो कैदी घायल हो गए, जबकि एक अन्य कैदी आंसू गैस के गोले की चपेट में आने से घायल हो गया.
कैदी बैरक से बाहर निकलकर छत पर पहुंच गए
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुछ कैदी बैरक से बाहर निकलकर छत पर पहुंच गए और उनमें से कुछ ने कपड़ों में आग भी लगा दी. घटना के बाद स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस ने बताया कि कैदी अपने बैरक में लौट गए हैं और सभी की गिनती कर ली गई है.
जालंधर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक नवीन सिंगला ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. जेल की संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. मैंने जेल की संपत्ति का मुआयना किया है. जेल परिसर के अंदर हंगामे के कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं. इन वीडियो में कुछ कैदियों को जेल अधिकारियों पर बल प्रयोग करने का आरोप लगाते सुना जा सकता है. एक कथित वीडियो में एक कैदी चोट के निशान दिखाते हुए दिख रहा है. कपूरथला जेल में लगभग 4,000 कैदी हैं.
ये भी पढें : पंजाब के कपूरथला जेल में हिंसक झड़प, बैरक की दीवार तोड़ी, एक कैदी को गोली लगने की खबर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं