विज्ञापन

प्यासे को एक गिलास पानी दें, खुद को हाइड्रेटेड रखें... बढ़ती गर्मी के बीच पीएम मोदी की देशवासियों से अपील

पीएम मोदी ने बढ़ती गर्मी में बीच लोगों से सावधानी और हाइड्रेशन बनाए रखने की अपील की है. पीएम ने प्यासे लोगों के लिए मटकों में पानी रखने वालों की सराहना की है.

प्यासे को एक गिलास पानी दें, खुद को हाइड्रेटेड रखें... बढ़ती गर्मी के बीच पीएम मोदी की देशवासियों से अपील

उत्‍तर भारत के लोग इन दिनों चिलचिलाती धूप और लू के थेपेड़ों से परेशान हैं. कई इलाकों में पारा 47 के आसपास पहुंच गया है. ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सावधानी बरतने और खुद को हाइड्रेटेड रखने की अपील की है. साथ ही उन लोगों की सराहना की है, जो लोग इस भीषण गर्मी में अपने घरों और दुकानों के बाहर प्‍यासे लोगों के लिए मटकों में पानी भरकर रख रहे हैं. 

पीएम मोदी ने एक्‍स पोस्‍ट में कहा, "देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और इसके साथ ही दैनिक जीवन में गर्मी से होने वाली कई कठिनाइयां भी बढ़ रही हैं. मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूं कि जितनी अधिक सावधानी बरत सकें, अवश्य बरतें. कृपया स्वयं को हाइड्रेटेड रखें, घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखें. ऐसे मौसम में आपकी संवेदनशीलता भी बहुत बड़ा सहारा बन जाती है. यदि संभव हो, तो किसी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी अवश्य दें. मैं ऐसे लोगों की सराहना भी करूँगा जो अपने घरों के और दुकानों के बाहर मटके में जल रखते हैं ताकि कोई भी उनसे पानी पी सके."

IMD ने जारी की 'हीट वेव' की चेतावनी

दिल्‍ली एनसीआर के लोगों को अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा. मौसम विभाग की ओर से जारी सात दिन के पूर्वानुमान के अनुसार 27 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा. मौसम विभाग ने साफ तौर पर 'हीट वेव' यानी लू चलने की चेतावनी जारी की है. इसके साथ ही दोपहर और शाम के समय तेज सतही हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, 27 मई को हवा में नमी का स्तर अधिकतम 40 प्रतिशत और न्यूनतम 25 प्रतिशत रहने का अनुमान है. विभाग ने दोपहर और शाम दोनों समय तेज गर्म हवाओं के साथ लू चलने की चेतावनी दी है. ऐसे में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है. हालांकि, 28 मई से मौसम करवट लेना शुरू कर देगा.

दिल्‍ली में कब होगी बारिश? 
 

मौसम विभाग के अनुसार, 28 मई को अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने 'थंडरस्टॉर्म विद रेन' यानी गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. दोपहर और शाम के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी चल सकती है. 29 मई को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आएगी और यह 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहेगा. इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने बताया है कि दोपहर और शाम के दौरान हल्की बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. बिजली चमकने और आंधी की भी संभावना जताई गई है. 30 और 31 मई को भी 'थंडरस्टॉर्म विद रेन' की स्थिति बनी रहेगी. इन दोनों दिनों में अधिकतम तापमान क्रमशः 35 और 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 और 26 डिग्री रह सकता है.

ये भी पढ़ें:- तपती दीवारें और बंद कमरे बन सकते हैं खतरा, घर में भी हो सकता है Heat Stroke

29 मई के आसपास प्री-मानसून बारिश

मौसम विभाग ने इन दिनों के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी. इसके बाद 1 जून को मौसम अपेक्षाकृत सामान्य होने की उम्मीद है. इस दिन अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम 'पार्टली क्लाउडी स्काई' यानी आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मई के अंतिम दिनों में उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में तेज हवाओं, धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ होने वाली बारिश को प्री-मानसून गतिविधियों का हिस्सा माना जाता है. यही कारण है कि 29 मई के आसपास होने वाली बारिश को प्री-मानसून बारिश कहा जा सकता है. इस बदलाव के बाद लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने की संभावना है.

ये भी पढ़ें:- दिल्ली में बिजली की मांग ने बनाया नया रिकॉर्ड: मई में पहली बार पहुंची 8,439 मेगावाट पर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com