बेंगलुरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था में चूक के मामले में राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई कर दी है. दरअसल, इस महीने की शुरुआत में पीएम मोदी के तय रूट के करीब विस्फोटक बरामद होने के बाद पुलिस विभाग कटघरे में आ गया था. अब इस मामले में विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सुरक्षा बंदोबस्त में बड़ी लापरवाही और ढिलाई बरतने के आरोप में छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है. निलंबित होने वाले पुलिसकर्मियों में एक पुलिस सब इंस्पेक्टर (PSI), एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) और चार कांस्टेबल शामिल हैं.
यह पूरी कार्रवाई बेंगलुरु दक्षिण के पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीनिवास गौड़ा की ओर से जारी आदेश के बाद की गई है. एसपी ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि 10 मई को प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था (बंदोबस्त ड्यूटी) के लिए तैनात इन अधिकारियों ने अपने काम में गंभीर लापरवाही दिखाई. देश के सबसे वीवीआईपी (VVIP) नेता की सुरक्षा जैसे संवेदनशील मामले में इस तरह की ढिलाई को विभाग ने अक्षम्य माना है.
वडेराहली गेट के पास बरामद हुआ था बारूद
दरअसल, ये विस्फोटक बेंगलुरु दक्षिण तालुक के वडेराहली गेट (Vaderahalli Gate) के पास से बरामद किए गए थे. चौंकाने वाली बात यह है कि यह इलाका ठीक उसी जगह के पास था, जहां इन छह निलंबित पुलिसकर्मियों की सुरक्षा ड्यूटी लगाई गई थी. अपने तय दायरे में संदिग्ध गतिविधियों या सामग्रियों पर नजर न रख पाना इन कर्मियों के लिए भारी पड़ गया.
यह भी पढ़ें- गुजरात के इन 13 साइबर ठगों ने ₹631 करोड़ की ठगी को दिया था अंजाम, शेल कंपनी बनाकर ऐसी की जाती थी ठगी
10 मई को जैसे ही रूट के पास विस्फोटक मिलने की बात सामने आई, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. तुरंत मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एक आंतरिक विभागीय जांच (Internal Inquiry) बिठाई गई. जांच रिपोर्ट में ड्यूटी पर तैनात इन पुलिसकर्मियों को प्रथम दृष्टया दोषी और लापरवाह पाया गया, जिसके बाद विभाग ने अनुशासनहीनता के खिलाफ यह कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है. फिलहाल, मामले की आगे की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें- गुजरात के इन 13 साइबर ठगों ने ₹631 करोड़ की ठगी को दिया था अंजाम, शेल कंपनी बनाकर ऐसी की जाती थी ठगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं