- नासिक TCS मामले में आरोपियों द्वारा पीड़िताओं का मानसिक, धार्मिक उत्पीड़न और वित्तीय वसूली की गई है
- मुख्य आरोपी दानिश एजाज शेख ने एक पीड़िता से दो लाख रुपये से अधिक रकम जबरन वसूली की है
- SIT ने दानिश का बैंक खाता सील कर उसके डिजिटल लेन-देन की जांच शुरू कर दी है
नासिक TCS मामले में एक नया खुलासा हुआ है. SIT की जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों द्वारा पीड़िताओं का न केवल मानसिक और धार्मिक उत्पीड़न किया जा रहा था, बल्कि उनसे बड़े पैमाने पर वित्तीय वसूली भी की जा रही थी. इस मामले में कंपनी पर महिला कर्मचारियों के उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण का आरोप है. जांच में सामने आया है कि आरोपी दानिश शेख ने पीड़ित से 2 लाख रुपये से ज्यादा की रकम वसूली थी.
डराया-धमकाया और 2 लाख की वसूली की
पुलिस SIT सूत्रों के मुताबिक, मामले के मुख्य आरोपी दानिश एजाज शेख ने कथित तौर पर पीड़िता को डराने-धमकाने और ब्लैकमेल करने के साथ-साथ उससे 2 लाख रुपये से ज्यादा की रकम वसूली थी. इस खुलासे के बाद पुलिस ने मामले में वित्तीय धोखाधड़ी का एंगल भी जोड़ दिया है. आरोपी दानिश शेख पर शिकंजा कसते हुए SIT ने तत्काल प्रभाव से उसका बैंक खाता सील कर दिया है. पुलिस बैंक स्टेटमेंट और डिजिटल लेन-देन के रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस जबरन वसूली में क्या कुछ और लोग भी शामिल थे. अदालत में दायर की गई चार्जशीट में इस वित्तीय धोखाधड़ी और बैंक लेन-देन से जुड़े पुख्ता सबूतों को भी शामिल किया गया है.
पुलिस ने 1500 पेजों की चार्जशीट दाखिल की
इस मामले में नासिक पुलिस ने बीते शुक्रवार को पहली चार्जशीट दाखिल की थी. इस 1500 पेजों की चार्जशीट में पुलिस की SIT ने दानिश एजाज शेख, तौसीफ बिलाल अत्तार, निदा एजाज खान और मतीन मजीद पटेल के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने 9 FIR दर्ज कर कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. एआईएमआईएम के पार्षद मतीन पटेल पर आरोप है कि जब निदा खान फरार थी, तब उन्होंने उसे छत्रपति संभाजीनगर स्थित अपने घर में पनाह दी थी. चार्जशीट में पीड़ित और आरोपी के बीच हुई व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट और जब्त किए गए ईमेल का हवाला दिया गया है.
टीसीएस की नासिक इकाई में उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आठ शिकायतकर्ताओं के सामने आने के बाद, देवलाली कैंप पुलिस थाने में एक मामला दर्ज किया गया और मुंबई नाका पुलिस थाने में आठ मामले दर्ज किए गए. सॉफ्टवेयर क्षेत्र की प्रमुख कंपनी टीसीएस ने इन मामलों के सामने आने के बाद कहा कि वह किसी भी रूप में उत्पीड़न और जबरदस्ती के प्रति कतई बर्दाश्य नहीं की नीति अपनाती है और नासिक कार्यालय में यौन उत्पीड़न में कथित रूप से शामिल कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें: जबरन धर्मांतरण और धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर ठेस पहुंचाया... नासिक TCS केस में पुलिस की चार्जशीट में बड़े खुलासे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं