- झारखंड से राज्यसभा चुनाव के लिए परिमल नाथवानी के नामांकन में तीन तकनीकी त्रुटियां पाई गई हैं.
- नामांकन पत्र में परिमल नाथवानी का नाम अलग-अलग रूपों में लिखा गया है, जिससे विवाद उत्पन्न हुआ है.
- परिमल नाथवानी ने आपराधिक मामले के संबंध में जरूरी कॉलम खाली छोड़ दिया है, जिससे आपत्ति हुई है.
झारखंड से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार परिमल नाथवानी का नामांकन तकनीकी कारणों से विवादों में घिर गया है. नामांकन पत्रों की जांच के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के कागजातों में तीन तकनीकी त्रुटि सामने आई है. कुछ दस्तावेजों में उनका नाम परिमल नाथवानी दर्ज है, तो कुछ जगहों पर इसे नाथवानी परिमल लिखा गया है. इस भाषाई और तकनीकी उलटफेर को आधार बनाकर उनके नामांकन पर आपत्ति दर्ज कराई गई है. साथ ही कुछ अन्य त्रुटियां भी सामने आई है, जिसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने उनके पर्चे को फिलहाल होल्ड पर रख दिया है.
परिमल नाथवानी के ऊपर किसी भी तरह का अपराधिक मामला दर्ज है या नहीं. इसके लिए नामांकन पत्र में निर्धारित कॉलम को नाथवानी ने खाली छोड़ दिया है. वहीं तीसरी त्रुटि HUF वाले फॉर्म में भी कुछ नहीं लिखा गया है. मामला गरमाते ही रिटर्निंग ऑफिसर ने फिलहाल नामांकन को होल्ड पर डाल दिया है.
ये भी पढ़ें: झारखंड में दिलचस्प हुआ 2 सीटों पर राज्यसभा चुनाव, क्या फिर से दोहराएगा 2008 का इतिहास?
बुधवार सुबह होगी मामले में सुनवाई
रिटर्निंग ऑफिसर ने निर्देश दिया है कि दर्ज आपत्ति पर अंतिम सुनवाई बुधवार सुबह 11 बजे होगी. इस दौरान परिमल नाथवानी या उनके अधिकृत एजेंट को खुद उपस्थित रहना होगा.
तकनीकी पेंच बनेगा रोड़ा!
अब सबकी नजरें कल की सुनवाई पर टिकी हैं कि क्या चुनाव आयोग इस नाम-विवाद को महज एक लिपिकीय (तार्किक) भूल मानकर नाथवानी का नामांकन वैध करता है, या फिर यह तकनीकी पेंच उनकी उम्मीदवारी के लिए कोई बड़ा रोड़ा बनेगा.
बता दें कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम और कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा ने राज्य की दो राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए सोमवार को अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए. इन सीटों के लिए 18 जून को चुनाव होना है.
आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सदस्य परिमल नाथवानी ने भी इस चुनाव के लिए एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है. उन्होंने झारखंड में भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों के समर्थन से जीत दर्ज करने का भरोसा जताया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं