Kal Ka Mausam 10 June 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. एक ओर जहां मॉनसून ने देश में दस्तक दे दी है और यह धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है, वहीं उत्तर भारत के राज्यों में गर्मी से बुरा हाल है. इस बीच मौसम विभाग ने कल के लिए मौसम का अलर्ट जारी किया है. वहीं तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में कल झमाझम बारिश के आसार हैं.
दिल्ली-एनसीआर में सताएगी गर्मी
दिल्ली-एनसीआर अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी, तेज धूप और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, कल यानी 10 जून को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और गरज-चमक वाले बादलों के विकसित होने की संभावना बनी रहेगी. हालांकि 11 और 12 जून को पश्चिमी विक्षोभ के साथ प्री-मॉनसून गतिविधियों के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.
यूपी में लू का अलर्ट, पंजाब-हरियाणा में भी भीषण गर्मी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, कल पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गंभीर रूप से लू यानी हीट वेव चलने की संभावना है. इसके अलावा पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी तापमान काफी ज्यादा रहेगा और लू की स्थिति बनी रहेगी. इसके साथ ही पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहेगा.

कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
Photo Credit: PTI
पहाड़ी राज्यों में भी गर्मी का प्रकोप
इन दिनों उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में भी गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने कल इन तीनों राज्यों के कई इलाकों खासतौर पर निचले क्षेत्रों में गर्मी और हीट वेव की स्थिति रहने की चेतावनी जारी की है.

कल कैसा रहेगा मौसम?
Photo Credit: IMD
केरल-कर्नाटक समेत इन राज्यों में मॉनसूनी बारिश
उत्तर भारत में जहां भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं दक्षिण के राज्यों में मॉनसून पहुंच चुका है. मौसम विभाग ने कल केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही तमिलनाडु और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम और कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है.

मॉनसून के कई राज्यों में दी दस्तक
Photo Credit: PTI
बिहार, झारखंड और बंगाल तक बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, मॉनूसन बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है. इसकी वजह से इन राज्यों में मौसम विभाग ने कल भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कल से इन राज्यों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है.
MP से लेकर गुजरात-महाराष्ट्र तक भी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार कल मध्य और पश्चिमी भारत में बारिश का पूर्वानुमान है. कल मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. वहीं कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में कुछ जगहों पर हल्की बारिश और आंधी की संभावना है.
असम-मेघालय समेत पूर्वोत्तर को किया मॉनसून ने कवर
मॉनसून ने पूर्वोत्तर भारत तक दस्तक दे दी है. मौसम विभाग ने कल असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है.
यह भी पढ़ें: मॉनसून की तेज रफ्तार, 12 राज्यों के पार, बिहार-झारखंड और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ा, यूपी-दिल्ली में पहले ही बरसेंगे बदरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं