विज्ञापन

संजीव अरोड़ा पर ईडी एक्शन एजेंसियों का दुरुपयोग- अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब को टारगेट किया जा रहा है. पंजाब के लोगों के साथ नाइंसाफी और अन्याय किया जा रहा है. चंडीगढ़ को हरियाणा को ट्रांसफर करने और पंजाब से छीनने की कोशिश की जा रही है.

संजीव अरोड़ा पर ईडी एक्शन एजेंसियों का दुरुपयोग- अरविंद केजरीवाल
  • अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ईडी की कार्रवाई भाजपा द्वारा पंजाब सरकार को दबाने की साजिश का हिस्सा है
  • मंत्री संजीव अरोड़ा के घर पर ईडी ने एक महीने में दूसरी बार रेड की है, जबकि अशोक मित्तल की रेड बंद हो गई
  • पंजाब पर अन्याय और संसाधनों को हड़पने की कोशिशों का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने केंद्र की नीतियों की आलोचना की
नई दिल्ली:

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ईडी की रेड पड़ने पर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि ईडी के सहारे भाजपा ने पंजाब को ललकारा है. पंजाब न पहले झुका था और न अब झुकेगा. पंजाब ही भाजपा और ईडी के बीच अनैतिक गठजोड़ को खत्म करेगा. पंजाब गुरुओं की धरती है. पंजाब ने औरंगजेब को भी जवाब दिया था और अब 2027 के चुनाव में भी जवाब देगा. उन्होंने कहा कि अशोक मित्तल और संजीव अरोड़ा के घर एक साथ ईडी की रेड हुई थी. अशोक मित्तल भाजपा में शामिल हो गए तो रेड बंद हो गई, लेकिन संजीव अरोड़ा ने इनकार कर दिया तो फिर से रेड हो गई.

केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर पर ईडी की रेड चल रही है. ईडी का काम है कि देश के अंदर अगर कहीं मनी लॉन्ड्रिंग हो रही है, तो उसको रोकना और उसकी जांच करना. अगर इस मकसद से ईडी अपनी कार्रवाई करे, तो हमें कोई परेशानी नहीं है. लेकिन ईडी मनी लॉन्ड्रिंग रोकने के लिए काम नहीं करती और न ही सीबीआई भ्रष्टाचार को रोकने के लिए काम नहीं करती है, वे सिर्फ नेताओं को डराने-धमकाने का काम करती है.

Latest and Breaking News on NDTV
आप के संयोजक ने कहा कि शनिवार सुबह से संजीव अरोड़ा के घर पर ईडी की रेड चल रही है, यह भी उसी दिशा में एक कार्रवाई है. संजीव अरोड़ा के घर पर ईडी कोई मनी लॉन्ड्रिंग की जांच करने नहीं आई है. संजीव अरोड़ा के यहां पिछले एक महीने के अंदर ईडी की यह दूसरी रेड है. इससे पहले 17 अप्रैल को ईडी आई थी और संजीव अरोड़ा के गुड़गांव, लुधियाना व दिल्ली के सभी ठिकानों पर रेड की. ये रेड तीन दिन चली. उन तीन दिनों की रेड में ईडी को क्या नहीं मिला, जो आज ढूंढने आए हैं. उसी वक्त अशोक मित्तल के यहां रेड हुई थी. उनके यहां भी तीन दिन रेड चली और उस रेड के बाद अशोक मित्तल ने भाजपा ज्वाइन कर ली. इसके बाद उनके यहां रेड खत्म हो गई और उनका सारा मामला रफा-दफा हो गया.

उन्होंने कहा कि संजीव अरोड़ा ने भाजपा ज्वाइन नहीं की. उस दिन संजीव अरोड़ा पर काफी दबाव डाला गया कि भाजपा ज्वाइन कर लो. अगर वे उस दिन भाजपा ज्वाइन कर लेते, तो शायद आज ईडी की रेड नहीं होती. आज ईडी की रेड उनको सबक सिखाने के लिए हुई है कि उन्होंने भाजपा ज्वाइन क्यों नहीं की. या तो भाजपा ज्वाइन कर लो, नहीं तो गिरफ्तार कर लिए जाओगे. इसलिए आज ईडी की रेड हुई है. यह बहुत ही दुख की बात है कि आज एजेंसियों का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है.

संजीव अरोड़ा

संजीव अरोड़ा

इसे भी पढ़ें: पंजाब सरकार के इंडस्ट्री और पॉवर मिनिस्टर संजीव अरोड़ा को ईडी ने किया गिरफ्तार

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब को टारगेट किया जा रहा है. पंजाब के लोगों के साथ धक्का, नाइंसाफी और अन्याय किया जा रहा है. पंजाब के लोगों को कुचलने की कोशिश की जा रही है. चंडीगढ़ को हरियाणा को ट्रांसफर करने और पंजाब से छीनने की कोशिश की जा रही है. पंजाब के पानी के ऊपर डाका डालने और बीबीएमबी को हथियाने की कोशिश की जा रही है. ना जाने कितने मामले हैं, जहां पंजाब के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है. जैसे ही बंगाल के चुनाव खत्म हुए, दिल्ली से ईडी की पूरी की पूरी टीम पंजाब के अंदर आ गई है. इनका मकसद कोई काला पैसा या मनी लॉन्ड्रिंग ढूंढना नहीं है.

इसे भी पढ़ें: संजीव अरोड़ा के घर ED की रेड पर भड़के CM भगवंत मान, बोले- "पंजाब में भी वही हो रहा, जो BJP पूरे देश में..."

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ED Action Against Sanjeev Arora, Sanjeev Arora ED Raid, Sanjeev Arora News In Hindi, Arvind Kejriwal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com