दिल्ली-एनसीआर में लोग भीषण गर्मी और झुलसाती लू से परेशान हैं. इस बीच मंगलवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया. कई इलाकों में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई. धूल भरी आंधी की वजह से लोगों को कुछ देर के लिए काफी परेशानी हुई. दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर शाम करीब 7 बजे रिकॉर्ड 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली. मौसम में अचानक हुए इस बदलाव के बाद लोगों को भीषण गर्मी से हल्की राहत मिली है.
तेज आंधी ने बढ़ा दी लोगों की मुश्किलें
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में इतनी भीषण आंधी ने कुछ देर के लिए दिल्लीवालों को परेशान कर दिया. कई जगहों पर पेड़ टूट गए. सबसे ज्यादा तेज हवा पालम एयरपोर्ट पर दर्ज की गई. यहां शाम 6.50 बजे के आसपास हवा की रफ्तार 120 किमी प्रतिघंटा तक पहुंच गई. वहीं शाम करीब 7 बजे हवा की रफ्तार 111 किमी प्रतिघंटा दर्ज की गई.

पालम के अलावा दिल्ली के अन्य इलाकों में भी तेज रफ्तार आंधी आई. पूसा इलाके में हवा की रफ्तार 80 किमी प्रतिघंटा तक पहुंची. इसके अलावा सफदरजंग इलाके में 64 किमी प्रति घंटा तक हवा की स्पीड पहुंच गई. मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली में 90 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान जताया था.
एक विमान अहमदाबाद किया गया डायवर्ट
दिल्ली में मौसम बदलने कर कारण एयर इंडिया का एक विमान अहमदाबाद डायवर्ट करना पड़ा. जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया के मुंबई से दिल्ली आ रहें विमान को अहमदाबाद डायवर्ट किया गया.
Delhi: Drizzle begun near Delhi Airport, accompanied by strong winds and dark clouds covering the sky. pic.twitter.com/BjcdPMQ5vD
— IANS (@ians_india) June 9, 2026
अब बदलेगा दिल्ली-एनसीआर का मौसम
बता दें कि दिल्ली-NCR इलाके में पिछले कुछ दिनों से लगातार लू चल रही थी, जिसके बीच मौसम में यह अचानक बदलाव आया. इससे पहले दिन में, IMD ने उत्तर भारत के लिए मौसम में बदलाव को लेकर जानकारी दी थी और बताया था कि 10 से 14 जून के बीच पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश व राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. इस सिस्टम से उत्तर भारत के ज़्यादातर हिस्सों में मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, 9 से 14 जून के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कहीं-कहीं बारिश होने की उम्मीद है.

फिलहाल, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुज़फ़्फ़राबाद, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में लू के हालात बने हुए हैं और 11 जून तक चेतावनी जारी है. मौसम विभाग का कहना है कि 11 जून से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस असर डाल सकता है, जिससे मौसम के पैटर्न में बड़े बदलाव आएंगे. IMD ने 11 और 12 जून के बीच राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली-UP में लू का 'टॉर्चर', तो बिहार-बंगाल-केरल समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं