- लखनऊ में रमाभद्राचार्य की राम कथा के समापन पर सीएम योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे
- सीएम योगी ने कहा कि भारत का डीएनए उसके आदर्श राम हैं. वह हर परशानी का समाधान हैं
- सीएम योगी ने रावण और उसकी नकारात्मक शक्तियों का उदाहरण देते हुए लव जिहाद और लैंड जिहाद करने वालों को चेताया
लखनऊ में पिछले 9 दिनों से रामभद्राचार्य की श्री राम कथा का आयोजन किया जा रहा था. मंगलवार को उसका समापान हुआ. इस कार्यक्रम में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे. उन्होंने कहा कि भारत का डीएनए उसके आदर्श राम हैं. साथ ही उन्होंने रावण का उदाहरण देकर कहा कि जब-जब नकारात्मक शक्तियां ताकतवर होंगी, वो उजाड़ने का काम करेंगी.
लव जिहाद और लैंड जिहाद से सचेत रहना होगा
सीएम योगी ने रावण के मामा मारीच का उदाहरण देकर कहा कि चाचा और मामा जब बीच में पड़ते हैं तो वो सन्मार्ग पर नहीं ले जाते हैं.मारीच, खर और दूषन का क्या हाल हुआ, सबने देखा. उन्होंने कहा कि लव जिहाद की घटनाओं को रोकने का उदाहरण माता सीता के रावण के अपहरण के बाद के वाक़ये को देखकर लिया जा सकता है. हमें लव जिहाद और लैंड जिहाद से सचेत रहना होगा. नकारात्मक शक्तियां हर कालखंड में आएंगी लेकिन सतर्क रहना होगा. खर, दूषण और मारीच भी लैंड जिहाद कर रहे थे.जो भारत के प्रति निष्ठा नहीं रखते, उनके लिए भारत की धरती धर्मशाला नहीं हो सकती है.
नकारात्मक ताकतें उठेंगी तो तहत-नहस होंगी
रावण और उसके राक्षस उत्तर भारत में भी घुस चुके थे.आर्याव्रत में भी मुस्तैद थे. खर और दूषण के आतंक से हर कोई त्रस्त था. ताड़का बस्तर तक पहुंच गई थी. वहां के सुंदर वनों को उजाड़कर उन्होंने तहस नहस कर दिया था. जब भी नकारात्मक ताकतें वर्चस्व में आएंगी, ये ही उजाड़ करेंगी. ऐसी ताकतें शिक्षण संस्थानों और शोध केंद्रों को ऐसे ही उजाड़ेंगे जैसे रावण के समय में किया जाता था.
राम के नाम में हर समस्या का सामाधान
सीएम योगी ने कहा कि भारतीय परंपरा और भारत की विरासत में मर्यादा पुरुषोत्तम राम हम सबके आदर्श हैं. जीवन की हर समस्या का समाधान अगर किसी एक नाम पर है तो वह श्री राम का नाम है. कुछ चुनिंदा नामों को छोड़ दें तो ऐसा कोई भी भारतवासी नहीं जिसके अंदर भारत का डीएनए है, उसने किसी न किसी रूप में भगवान राम के आदर्शों को अपने जीवन में न उतारा हो.
ये भी पढ़ें- प्रयागराज में आ रही है मेट्रो, बमरौली, झूंसी से छिवकी तक 45 मेट्रो स्टेशनों का प्रस्ताव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं