मथुरा के प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक निजी मकान का छज्जा भरभराकर गिर गया. मंदिर से सटी गली में हुए इस हादसे में कई श्रद्धालु घायल हो गए. बताया जा रहा है कि छज्जे पर बड़ी संख्या में बंदर बैठे और आपस में लड़ रहे थे, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे खड़े लोगों पर आ गिरा. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोग घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुट गए.
चश्मदीद ने बताया कैसे हुआ हादसा
मौके पर मौजूद दुकानदार सुधांशु अग्रवाल ने बताया कि हादसे के वक्त गली में काफी भीड़ थी और कुछ महिलाएं उनकी दुकान के पास खड़ी थीं. उसी समय ऊपर बने छज्जे पर बंदर आपस में लड़ रहे थे. अचानक छज्जा टूटकर सीधे नीचे गिर गया. पत्थर के बड़े-बड़े टुकड़े सीधे महिलाओं के सिर पर गिरे, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं.
पानी की बोतल ले रही थीं महिलाएं, तभी गिरा छज्जा
दुकानदार के मुताबिक, घायल महिलाएं उसी समय उनकी दुकान से पानी की बोतल खरीद रही थीं और बातचीत कर रही थीं. जैसे ही वे थोड़ा किनारे हुईं, छज्जा उन पर आ गिरा. हादसे के बाद उनका सामान वहीं बिखर गया और आसपास खून भी फैल गया, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए.
घटना के बाद मची अफरा-तफरी
छज्जा गिरते ही गली में अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को उठाकर अस्पताल पहुंचाया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंच गई. हादसे ने मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और जर्जर इमारतों की स्थिति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. चश्मदीद का कहना है कि अगर समय पर छज्जे की मरम्मत कर दी जाती, तो शायद यह हादसा टल सकता था. उन्होंने बताया कि ऐसे कई पुराने छज्जे इलाके में मौजूद हैं, जो भविष्य में भी खतरा साबित हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें-
पुणे : तलेगाव MIDC की कंपनी में गैस लीक, 2 कर्मचारियों की मौत, 3 बीमार
सुपौल में बड़ा हादसा, कोसी की तेज धार में पलटी ग्रामीणों से भरी नाव, कई लापता; रेस्क्यू जारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं