- दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ घंटों में धूल भरी आंधी आने की संभावना है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
- यह आंधी राजस्थान और हरियाणा से होकर तेजी से दिल्ली-एनसीआर की ओर बढ़ रही है, जिससे मौसम प्रभावित होगा.
- मौसम विभाग के अनुसार, धूल भरी आंधी अगले तीन घंटों के भीतर दिल्ली में पहुंच सकती है और प्रभावी हो सकती है
दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ घंटों के भीतर धूल भरी आंधी आने की आशंका है. मौसम विभाग (IMD) ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. यह तूफान फिलहाल राजस्थान और हरियाणा से होता हुआ तेजी से दिल्ली-एनसीआर की ओर बढ़ रहा है. IMD के अनुसार, अगले तीन घंटों में दिल्ली में धूल भरी आंधी पहुंच सकती है. इसका असर शाम से रात के बीच, खासकर 10 बजे तक देखने को मिल सकता है.
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि यह आंधी पश्चिम दिशा से उठी है और इसके रास्ते में राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों को प्रभावित कर सकती है. अगले 03 घंटों के दौरान दिल्ली के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी/उड़ती हुई धूल के साथ तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है. इन हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जो बीच-बीच में झोंकों के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न मौसम केंद्रों में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा, जिसमें रिज और आयानगर स्टेशनों पर सबसे अधिक तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद पालम में 43.7 डिग्री सेल्सियस और सफदरजंग में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.
IMD के मुताबिक मध्य भारत में अगले 7 दिनों तक भीषण लू से लेकर खतरनाक हीटवेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है. वहीं पूर्वी भारत और उससे सटे उत्तरी इलाकों में 23 से 26 मई तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा. उत्तर-पश्चिम भारत में भी 24 से 29 मई के बीच एक बार फिर लू का असर बढ़ने वाला है. खासतौर पर विदर्भ, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गंभीर गर्मी दर्ज की गई है. इसके अलावा पश्चिमी मध्य प्रदेश, दक्षिणी हरियाणा, उत्तरी तेलंगाना, छत्तीसगढ़, पश्चिमी झारखंड और आंतरिक उड़ीसा के हिस्सों में भी हीटवेव की स्थिति देखी गई.
ये भी पढे़ं : दिल्ली समेत उत्तर भारत में गर्मी का कहर, दक्षिण-पूर्व में बरसेंगे बादल, जानें देश में कहां कैसा मौसम













