Heatwave Safety Tips accoding to Age: इस समय देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप है. नौतपा के साथ चलने वाली गर्म हवाओं की वजह से पारा 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. जिसकी वजह से मौत का खतरा भी बढ़ गया है. मौसम विभाग ने भी चेतावनी दी है कि आगे आने वाले कुछ दिन इतने ही ज्यादा गर्म रहने वाले हैं. जिसकी वजह से लू लगने और गर्मी से जुड़ी बीमारियां का खतरा और बढ़ जाएगा.
इस भीषण गर्मी में जवान हो, बच्चे हों या फिर बुजुर्ग सभी पर तेज गर्मी का असर अलग तरीके से पड़ता है. गर्मी की वजह से डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, सिरदर्द और हीट स्ट्रोक जैसी परेशानियां हो सकती है. ऐसे में हर किसी को अपनी उम्र के हिसाब से अपना ध्यान रखने और सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है. आइए जानते हैं कि उम्र के हिसाब से गर्मी से बचने के लिए किन सावधानियों को अपनाना बेहद जरूरी है.
WHO ने भी इस भीषण गर्मी से बचने के लिए सेफ्टी टिप्स शेयर किए हैं. जिसमें आप किन बातों का ध्यान रखकर इस भीषण गर्मी में भी खुद को सेफ रख सकते हैं.
छोटे बच्चों के लिए बरतें ये सावधानियां
भीषण गर्मी का असर बच्चों पर अलग तरीके से पड़ता है, उनका शरीर बहुत जल्दी गर्म हो जाता है. इसलिए तेज धूप और दोपहर के लिए उन्हें बाहर खेलने से रोकें. उनके खाने में नारियल पानी, छाछ और नींबू पानी जैसी चीजों को शामिल करें. हल्के रंग के और सूती कपड़े पहनाने के साथ ही थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पिलाते रहें.
युवा और काम पर जाने वाले बरतें ये सावधानियां
जो लोग घर के बाहर निकलते हैं और हर रोज ऑफिस जाते हैं या फिर फील्ड पर काम करते हैं तो उनको सबसे ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है. कोशिश करें कि 12-4 बजे जिस समय धूप सबसे ज्यादा होती है इस समय धूप में ना निकलें. वहीं बाहर जाते समय सिर पर कपड़ा बांधे या फिर कैप लगाएं. शरीर में पानी की कमी ना हो इसलिए केवल सादा पानी नहीं बल्कि ओआरएस, नींबू पानी, नारियल पानी और फलों का सेवन करें. इसके साथ ही लाइट खाना खाएं, बहुत ज्यादा मसालेदार और तेल से बनी चीजों का सेवन करने से बचें ये शरीर में गर्मी पैदा कर सकते हैं.
बुजुर्गों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत
दरअसल बढ़ती उम्र के साथ शरीर के तापमान को कंट्रोल करने की क्षमता कम होने लगती है. यही वजह है कि लू और हीट स्ट्रोक की चपेट में बुजुर्ग जल्दी आते हैं. ऐसे में वो धूप के समय घर के बाहर ना निकलें. अगर बाहर जाना बहुत जरूरी है तो अपने साथ पानी की बोतल और छाता जरूर रखें. सिर को ढ़क कर रखें और हल्के और सूती कपड़े पहनें. वहीं घर में भी सही वेंटिलेशन और घर को ठंडा रखें. अगर कमजोरी, उल्टी, तेज सिरदर्द या सांस लेने में दिक्कत जैसी कोई भी समस्या हो तो फौरन डॉक्टर से संपर्क करें.
लू और हीट स्ट्रोक लगने पर क्या करें
लू या हीट स्ट्रोक लगने पर चक्कर आना, शरीर का बहुत ज्यादा गर्म होने लगना, पसीना आना बंद ना होना और बेहोशी जैसी हालत हो जाती है. ऐसी स्थिति में तुरंत ठंडी जगह पर बैठें और पानी पीने के साथ ही मेडिकल हेल्प लें.
गर्मी से बचने के लिए सही खानपान, शरीर को हाइड्रेड रखना और धूप से बचाव ही आपको सुरक्षित रखने में मदद कर सकता है. ये छोटी-छोटी सावधानियां ही आपका बचाव कर सकती हैं.
ये भी पढ़ें: तपती दीवारें और बंद कमरे बन सकते हैं खतरा, घर में भी हो सकता है Heat Stroke
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं