Rajbhog Ice Cream Recipe: गर्मियों के मौसम में आइसक्रीम का नाम सुनते ही बच्चों से लेकर बड़ों तक के चेहरे खिल उठते हैं. बाजार में मिलने वाली राजभोग आइसक्रीम अपने खास स्वाद, केसर की खुशबू और ड्राई फ्रूट्स की रिचनेस के लिए काफी पसंद की जाती है. हालांकि कई लोग सोचते हैं कि ऐसी क्रीमी और शाही आइसक्रीम घर पर बनाना मुश्किल होगा. लेकिन आपको बता दें, ऐसा बिल्कुल नहीं है. अगर आपके पास दूध और कुछ बेसिक सामग्री मौजूद है, तो आप बिना क्रीम और बिना कंडेंस्ड मिल्क के भी घर पर स्वादिष्ट राजभोग आइसक्रीम तैयार कर सकते हैं. यह रेसिपी न सिर्फ आसान है, बल्कि स्वाद में भी किसी बाजार वाली आइसक्रीम से कम नहीं लगती.
राजभोग आइसक्रीम बनाने के लिए सामग्री- (Ingredients For Making Rajbhog Icecream)
- 1 लीटर फुल क्रीम दूध
- 3 से 4 बड़े चम्मच चीनी
- 1 चुटकी केसर
- 2 बड़े चम्मच कटे हुए पिस्ता और बादाम
- 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
ऐसे करें तैयारी- (How To Make Rajbhog Ice Cream)
- सबसे पहले दूध को एक भारी तले वाले बर्तन में डालकर मध्यम आंच पर उबालें. दूध को लगातार चलाते रहें ताकि वह तले में न लगे. जब दूध लगभग एक चौथाई कम हो जाए, तब उसमें चीनी डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- अब एक छोटे बाउल में थोड़ा गर्म दूध लेकर उसमें केसर भिगो दें. कुछ मिनट बाद इस केसर वाले दूध को मुख्य मिश्रण में मिला दें. इससे आइसक्रीम में सुंदर रंग और खुशबू आएगी.
- इसके बाद इलायची पाउडर और कटे हुए पिस्ता-बादाम डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें.
फ्रीज करने का सही तरीका-
- ठंडा होने के बाद मिश्रण को एयरटाइट कंटेनर में भर लें और फ्रीजर में रख दें. लगभग 2 से 3 घंटे बाद इसे बाहर निकालकर अच्छी तरह फेंट लें. इससे बर्फ के क्रिस्टल नहीं बनेंगे और आइसक्रीम ज्यादा क्रीमी बनेगी.
- इसी प्रक्रिया को 2 बार दोहराएं और फिर पूरी रात के लिए फ्रीजर में रख दें.
सर्व करने से पहले ऊपर से थोड़ा केसर और कटे हुए पिस्ता डालें. यह राजभोग आइसक्रीम मेहमानों से लेकर बच्चों तक सभी को पसंद आएगी.
यह भी पढ़ें- Summer Vegetables: तेज धूप और लू से बचना है? डाइट में शामिल करें ये 7 पौष्टिक सब्जियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं