Doctor Hanuman Mandir: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में स्थित दंदरौआ धाम एक अनोखा मंदिर है, जहां हनुमान जी को डॉक्टर हनुमान के रूप में पूजा जाता है. यहां भक्त अपनी गंभीर बीमारियों और कष्टों से मुक्ति के लिए पर्ची यानी अर्जी लगाते हैं और हनुमान जी के डॉक्टर स्वरूप को स्टेथोस्कोप के साथ पूजा जाता है, जिसे भक्त "डॉक्टर हनुमान जी महाराज" कहते हैं. यहां हनुमान जी की 300 साल पुरानी मूर्ति नृत्य मुद्रा में है और भक्त अपनी बीमारियां दूर करने के लिए अर्जी लगाते हैं.
डॉक्टर हनुमान मंदिर की कहानी
मध्यप्रदेश के भिंड जिले में स्थित दंदरौआ धाम हनुमान जी का एक अत्यंत अद्भुत मंदिर है, जहां बजरंगबली को डॉक्टर हनुमान के रूप में पूजा जाता है. माना जाता है कि एक समय यहां शिवकुमार दास नाम के एक साधु रहते थे, जो कैंसर से पीड़ित थे. वे हनुमान जी के परम भक्त थे और रोजाना मंदिर में उनकी पूजा करते थे. एक दिन हनुमान जी ने डॉक्टर के रूप में उन्हें दर्शन दिए और उनकी बीमारी ठीक कर दी. तभी से इस मंदिर में हनुमान जी को डॉक्टर के रूप में पूजा जाने लगा. माना जाता है कि 300 साल पहले हनुमानजी की यह मूर्ति नीम के पेड़ से छिपी थी. पेड़ को काटने पर गोपी वेषधारी हनुमान जी की ये प्राचीन मूर्ति प्राप्त हुई थी. तब से मूर्ति की पूजा-अर्चना शुरू की गई. यह मूर्ति नृत्य करती हुई मुद्रा में है, जो भक्तों को आश्चर्यचकित कर देती है.
यह भी पढ़ें:- Kala Dhaga: किन लोगों को नहीं पहनना चाहिए काला धागा? जानिए क्या हो सकता है उल्टा असर
इस मंदिर में प्रतिदिन कई कैंसर रोगी यहां आते हैं. वे हनुमान जी के चरणों से जल ग्रहण करते हैं. ऐसा माना जाता है कि इस जल को पीने से कैंसर जैसी बीमारियां ठीक हो जाती हैं. भक्तों का मानना है कि हनुमान जी स्वयं ही रोगियों को ठीक करते हैं.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, श्रद्धा से मंदिर आने पर किसी भी प्रकार की बड़ी बीमारी ठीक हो जाती है. हनुमान जी सभी प्रकार के रोगों का इलाज करते हैं. इसलिए इस मंदिर को डॉ. हनुमान जी का क्लिनिक कहा जाता है. ऐसा कहा जाता है कि यदि आप लगातार पांच मंगलवार तक डॉ. हनुमान के साथ ध्यान करें और वहां उपलब्ध जल का सेवन करें, तो आपका कैंसर कम हो जाएगा. ऐसा माना जाता है कि अतीत में हनुमान स्वयं अपने भक्तों का इलाज करने के लिए चिकित्सक के रूप में आए थे. इसीलिए यहां हनुमान जी की पूजा चिकित्सक के रूप में की जाती है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)














