UP Police Constable Exam:उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन जहां एक तरफ प्रशासन 30 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों, बायोमेट्रिक सत्यापन और पेपर लीक माफियाओं पर ताबड़तोड़ एफआईआर के जरिए साफ-सुथरी परीक्षा कराने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ पर परीक्षा देने जा रहे छात्रों को भारी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है. सोमवार को परीक्षा के बाद लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ के कारण परीक्षार्थी जान जोखिम में डालकर आपातकालीन खिड़कियों के रास्ते ट्रेनों में घुसने को मजबूर दिखे, तो वहीं उन्नाव में आए आंधी-तूफान के कारण कानपुर से बालामऊ जा रही ट्रेन के मार्ग में पेड़ गिर गया, जिससे घंटों ट्रेन खड़ी रही और परीक्षा देने जा रहे सैकड़ों छात्रों के चेहरे पर मायूसी छा गई.
यूपी में सिपाही भर्ती परीक्षा का आज दूसरा दिन: लखनऊ में खिड़कियों से ट्रेनों में घुसे अभ्यर्थी#Lucknow | #UttarPradesh pic.twitter.com/L3l26F7PEH
— NDTV India (@ndtvindia) June 9, 2026
चारबाग स्टेशन पर सुरक्षा को ताक पर रख खिड़कियों से घुसे छात्र
राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर सोमवार को परीक्षा के बाद भारी भीड़ देखने को मिली.स्टेशन पर स्थिति इस कदर अनियंत्रित हो गई कि अभ्यर्थी अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रेनों की आपातकालीन खिड़कियों के रास्ते बोगी के अंदर जाते हुए दिखाई दिए. इस पूरी अफरातफरी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्र एक-दूसरे को धक्का देते और खिड़की के संकरे रास्ते से ट्रेन के डिब्बे में घुस जाने की जद्दोजहद करते नजर आ रहे हैं. इतनी बड़ी संख्या में युवाओं के एक शहर से दूसरे शहर जाने के कारण यातायात व्यवस्था पर भारी दबाव साफ देखा जा सकता है.
उन्नाव में आंधी-तूफान ने रोकी रफ्तार, घंटों खड़ी रही ट्रेन
एक तरफ जहां छात्र भीड़ से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मौसम की मार ने भी परीक्षार्थियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. उन्नाव में अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने ट्रेनों की रफ्तार रोक दी है. कानपुर से बालामऊ जा रही पैसेंजर ट्रेन सफीपुर थाना क्षेत्र के बड़ादेव हाल्ट पर कई घंटे खड़ी रही. बताया जा रहा है कि बड़ादेव हाल्ट के पोल संख्या 2313 के पास रेलवे के ओवरहेड तारों (OHE) पर एक भारी पेड़ गिर गया, जिसके कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई और ट्रेन को वहीं रोकना पड़ा. इस रुकावट की वजह से परीक्षा देने जा रहे छात्रों को पैदल ही आगे बढ़ना पड़ा. जिससे समय पर केंद्र पहुंचने को लेकर उनको भारी परेशानी हुई.
28 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल, प्रशासन अलर्ट
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित की जा रही इस सिपाही भर्ती परीक्षा में कुल 28 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. यह परीक्षा दो दिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है. पहले दिन दोनों पालियों को मिलाकर कुल 75.15 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, यानी पंजीकृत 9.62 लाख अभ्यर्थियों में से 7.23 लाख छात्रों ने ही परीक्षा दी. इतने बड़े स्तर पर हो रही परीक्षा को देखते हुए प्रशासन मुस्तैद है और परिवहन विभाग तथा रेलवे की ओर से भी इंतजामों के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन छात्रों की अत्यधिक संख्या के आगे संसाधन कम पड़ते दिखाई दे रहे हैं.
सीसीटीवी और बायोमेट्रिक से कड़ी निगरानी का दावा
प्रशासन ने इस बार परीक्षा को पूरी तरह से पारदर्शी और नकल प्रूफ बनाने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं. सभी परीक्षा केंद्रों को सीधे मुख्य कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है, जहां से पल-पल की मॉनिटरिंग की जा रही है. पूरे प्रदेश में 30 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर केंद्र पर पैनी नजर रखी जा रही है. इसके साथ ही, मुन्नाभाइयों और फर्जी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था को सख्ती से लागू की गई है.
गड़बड़ी फैलाने वालों पर ताबड़तोड़ एक्शन
सरकार और पुलिस प्रशासन इस बार पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है. सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं साझा करने के आरोप में टेलीग्राम चैनल 'UPP Exam Paper' और इंस्टाग्राम आईडी 'up_police_leak' के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है. इसके अलावा, आजमगढ़ में एक इंस्टाग्राम यूजर को पुलिस ने हिरासत में लिया है. वहीं, जमीनी स्तर पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है; हापुड़ में परीक्षा के दौरान गड़बड़ी करने के आरोप में परीक्षार्थी सचिन सिंह को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गोरखपुर में एक अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है.
ये भी पढ़ें: लखनऊ में सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रही 2 सहेलियों से रेप का प्रयास, मुठभेड़ के बाद ऑटो ड्राइवर गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं