IPL मैचों के दौरान दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम के बाहर ब्लैक टिकटों को लेकर जो ख़बरें आईं उसने ना सिर्फ़ इस टूर्नामेंट की साख पर बट्टा लगाया बल्कि जांच में कई हैरतअंगेज धोखाधड़ी के मामले भी सामने आए. इसको लेकर NDTV ने पिछले दिनों टिकटों की कालाबाजारी की खबर को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट छापी थीं. DDCA हर साल आईपीएल हजारों कॉम्पिलिमेंट्री पास जारी करता है, लेकिन जब NDTV ने इससे जुड़ी खबर का खुलासा किया, तो हंगामा मच गया. सभी हैरान रह गए कि न जाने कब से DDCA में पासों की कालाबाजारी का यह खेल चल रहा था. और हमारी इस खबर का असर यह हुआ कि डीडीसीए को इस मामले में कड़ी कार्रवाई करनी पड़ी. पहले प्रकाशित खबर का लिंक नीचे दिया हुआ है.
700 मृत सदस्यों के नाम पर जारी पास, कौन गुनहगार?
आखिरकार खबर का असर यह हुआ कि इस पूरे मसले में डीडीसीए के अधिकारियों पर भी शिकंजा कसा गया और उनसे पूछताछ की गई. DDCA ने इन सबको रोकने के लिए अपने ही अधिकारियों के पर कतर दिए हैं. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की जांच में ये भी सामने आया है कि करीब 700 मृत सदस्यों के नाम पर जारी पास और 'Not For Sale- नॉट फॉर सेल' वाले कॉम्प्लीमेंट्री पास ग़ैरकानूनी तरीके से स्टेडियम के बाहर पेट्रोल पंप पर बेचे जा रहे थे. ये भी कहा गया कि एक गैंग हवाई यात्रा कर अलग-अलग स्टेडियमों में जाकर टिकटों की कालाबाज़ारी कर रहा था जिनमें से कइयों को गिरफ़्तार कर इस पूरे अवैध धंधे का पर्दाफ़ाश किया गया.
अधिकारी ही देते थे पास
पकड़े गए मुख्य आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि 'नॉट फॉर सेल' वाले कॉम्प्लीमेंट्री पास उसे डीडीसीए के अधिकारियों के जरिए ही मिलते थे. ऐसे में डीडीसीए ने आज अपनी एपेक्स काउंसिल की बैठक लेकर उसमें कई अहम फ़ैसले लिए ताकि ये कालाबाज़ारी स्टेडियम से रोकी जा सके.
कॉम्प्लिमेंट्री पास के बंडल का बंटवारा ख़त्म
रविवार को हुई DDCA की एपेक्स काउंसिल की बैठक में अध्यक्ष रोहन जेटली के उस प्रस्ताव को मान लिया गया कि आगे से एपेक्स काउंसिल के सदस्य बिना पैसे के कोई पास नहीं लेंगे. सूत्र ने बताया कि पहले इसके लिए डीडीसीए तकरीबन 1.5 करोड़ रुपये खर्च करता था. ये सदस्य 1.25 लाख रुपये और 65,000, 50,000 रुपये वाले कई पास लेते थे. इनमें से ही कई ‘Not For Sale' पास पेट्रोल पंप पर बिक्री करते हुए पकड़े गए.
सदस्यों को मिलेंगे दो-दो पास
इसी बैठक में डीडीसीए के तकरीबन 3500 सदस्यों को दो-दो पास देने का प्रस्ताव भी पास हो गया. पहले सभी सदस्यों को 1-1 पास मिलता था और मैच से एक दिन पहले ये कुछ और पास के लिए स्टेडियम में जमावड़ा लगाते थे. ब्लैक टिकटों का खेल वहां से भी शुरू होता था. अब सभी सदस्यों को गेट 2-2 फ्री पास के साथ बुफे लंच की भी सुविधा दी जाएगी. सभी सदस्यों की एंट्री बायोमेट्रिक एक्सेस सिस्टम के ज़रिये ही हो पाएगी.
स्टेडियम में सभी दर्शकों को फ़्री पानी
डीडीसीए के एक सूत्र ने बताया कि अब सभी मैचों में दर्शकों के लिए फ़्री पानी का इंतज़ाम किया जाएगा. इसके अलावा घरेलू क्रिकेट प्रेमियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अंपायरों और स्कोररों की मैच फीस में 30% की बढ़ोतरी की जाएगी.
DPL में महिला-पुरुष को बराबर का इनाम
इसी बैठक में पुरुष टीम के बराबर लाने के लिए महिला टीम की पुरस्कार राशि बढ़ाने पर भी सहमति जताई गई. आगे से युवा खिलाड़ियों की सुविधा के लिए डीडीसीए के सभी लीग मैच यथासंभव सेंट्रल दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे. दिल्ली के कई मैदानों की लीज़ पर दिये जाने का फैसला भी लिया गया. मॉडर्न स्कूल बाराखंभा, जामिया मिलिया इस्लामिया, हमदर्द जसोला और डीडीए पार्क सहित मैदानों को पूरे वर्ष के लिए नीलामी में लीज पर देने का फ़ैसला लिया गया.
16-16 खिलाड़ियों की टीम का फ़ैसला
एपेक्स काउंसिल की बैठक में तय तय किया गया कि सभी आयु वर्गों और फॉर्मेट में सभी टीमों के दल का आकार केवल 16 खिलाड़ियों तक ही सीमित रहेगा. खिलाड़ियों के प्रदर्शन मूल्यांकन के लिए पर्याप्त समय देने के लिए CAC-सीएसी के गठन और चयनकर्ताओं व कोचों की नियुक्ति प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी.
डीडीसीए स्टेडियम बनेगा और मॉडर्न
इसी बैठक में ये भी तय हुआ कि एक इस स्टेडियम की नई बिल्डिंग पर जल्द काम शुरू होगा. इसमें 30 कमरे, एक स्विमिंग पूल, इनडोर पिचें और एक मल्टी-कुजीन रेस्तरां भी शामिल होगा. ड्रेसिंग रूम और बॉक्स को और मॉडर्न और बेहतर बनाया जाएगा. क्रिकेट फ़ैन्स के की लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी. भीषण गर्मी में मैच के दौरान फ़ैन्स को तपतपाती लू से राहत देने के लिए कैनोपी और ब्लीचर्स लगाए जाने के फ़ैसले भी लिए गए.डीडीसीए के एक सूत्र ने ये भी बताया कि एक नए स्टेडियम के लिए भी ज़मीन की तलाश की जा रही है और जल्दी ही उसकी निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं