विज्ञापन

IPL के इस पूरे सीजन में चुपचाप मौका मिलने का इंतजार करता रहा बेटा, आखिरी मैच में खेला तो सचिन हुए इमोशनल, बोले- क्रिकेट में सब्र की भी परीक्षा

Sachin Tendulkar Praise Arjun Tendulkar: पंजाब के खिलाफ मैच में अर्जुन किफायती रहे. उन्होंने 4 ओवर में 36 रन दिए. यह इस सीजन का लखनऊ के लिए उनका पहला मैच था.

IPL के इस पूरे सीजन में चुपचाप मौका मिलने का इंतजार करता रहा बेटा, आखिरी मैच में खेला तो सचिन हुए इमोशनल, बोले- क्रिकेट में सब्र की भी परीक्षा
Sachin Tendulkar Prasie Arjun Tendulkar

Sachin Tendulkar Prasie Arjun Tendulkar: क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर अपने बेटे अर्जुन तेंदुलकर के लिए एक दिल छू लेने वाला पोस्ट किया. अर्जुन तेंदुलकर ने शनिवार को आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए डेब्यू किया. लखनऊ भले ही यह मुकाबला हार गई, लेकिन अर्जुन ने पंजाब किंग्स के ओपनर प्रभसिमरन सिंह का विकेट लेकर सबको इम्प्रेस किया. 26 साल के अर्जुन ने चार ओवर में 36 रन दिए और एक विकेट निकाला. सचिन ने अपने पोस्ट में अर्जुन की मेहनत, धैर्य और क्रिकेट के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए लिखा कि निरंतर मेहनत और सही मानसिकता ही सफलता की असली कुंजी है.

सचिन ने अर्जुन की तारीफ करते हुए सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा,"बहुत बढ़िया, अर्जुन. इस सीज़न में जिस तरह से तुमने खुद को संभाला है, हमेशा अपनी काबिलियत पर भरोसा रखा, सब्र रखा, चुपचाप मेहनत की, और आखिरी मैच तक अपने मौके का इंतज़ार करने के बावजूद पॉज़िटिव बने रहे, उस पर मुझे गर्व है.  क्रिकेट में स्किल के साथ-साथ सब्र भी टेस्ट होता है, और तुमने आज दोनों को बहुत अच्छे से संभाला. अपने पैर ज़मीन पर रखो, और हमेशा की तरह खेल से प्यार करते रहो."

अर्जुन का पहला ओवर काफी अच्छा था और अगर कप्तान ऋषभ पंत ने प्रभसिमरन सिंह का मुश्किल कैच लपक लिया होता तो उन्हें विकेट मिल सकता था. उन्होंने शुरुआती ओवरों में लेंथ पर गेंदबाजी की, लेकिन 15वें ओवर में प्रभसिमरन को यॉर्कर पर पगबाधा आउट किया. पंत ने पावरप्ले के तुरंत बाद अर्जुन को गेंदबाजी के लिए उतारा था. उन्होंने नौवां, पंद्रहवां और सत्रहवां ओवर भी फेंका और कुल मिलाकर 36 रन देकर एक विकेट लिया.

लखनऊ ने आईपीएल 2026 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी से पहले मुंबई से अर्जुन को ट्रेड किया था. लेकिन उन्हें सीज़न के आखिरी मैच तक मौका नहीं मिला. बाएं हाथ के पेस बॉलिंग ऑलराउंडर पंजाब के खिलाफ बल्ले से कोई योगदान नहीं दे पाए. हालांकि, शानिवार की रात वो लखनऊ के सबसे किफायती थे. 

कप्तान के नाबाद शतक से जीती पंजाब

पंजाब किंग्स ने शनिवार को आईपीएल 2026 के 68वें मैच को अपने नाम किया. इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पीबीकेएस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से मात देकर प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है. पंजाब किंग्स की जीत में कप्तान श्रेयस अय्यर का अहम योगदान रहा, जिन्होंने नाबाद शतकीय पारी खेली.

इस जीत के साथ पंजाब किंग्स प्वाइंट्स टेबल में फिलहाल चौथे स्थान (15 अंक) पर पहुंच गई है. इस टीम ने 14 में से 7 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि 1 मुकाबला बारिश के चलते बेनतीजा रहा था. अब पंजाब का प्लेऑफ में पहुंचना राजस्थान रॉयल्स पर निर्भर करेगा, जिसने रविवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में उतरना है. राजस्थान इस मैच को अगर अपने नाम करती हैं, तो प्लेऑफ का अंतिम टिकट उसी के नाम होगा.

यह भी पढ़ें: SRH vs RCB: हैदराबाद का 'डबल धमाका', कारनामा करने वाली 19 साल में पहली टीम, एक रिकॉर्ड का जवाब नहीं

यह भी पढ़ें: SRH vs RCB: 'सिग्नेचर मूव बन गया है...' प्लेऑफ से पहले हैदराबाद की बैटिंग पावर पर सहवाग का बड़ा बयान

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com