विज्ञापन

VIDEO: 3 विकेट, नाबाद 66 रन, IPL में LSG ने किया था नजरअंदाज, अर्जुन ने अब यहां दिखाई अपनी ताकत

टी20 मुंबई लीग 2026 में एआरसीएस अंधेरी की तरफ से खेल रहे अर्जुन तेंदुलकर का बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ ऑलराउंड प्रदर्शन देखने को मिला है. उन्होंने अपनी टीम के लिए पहले गेंदबाजी में तीन विकेट चटकाए. उसके बाद बल्लेबाजी में नाबाद 66 रन बनाए.

VIDEO: 3 विकेट, नाबाद 66 रन, IPL में LSG ने किया था नजरअंदाज, अर्जुन ने अब यहां दिखाई अपनी ताकत
टी20 मुंबई लीग में अर्जुन तेंदुलकर ने दिखाया जबरदस्त खेल

क्रिकेट प्रेमियों के सिर से आईपीएल 2026 (IPL 2026) का बुखार पूरी तरह से अभी उतरा भी नहीं है कि लोगों को टी20 मुंबई लीग 2026 (T20 Mumbai 2026) का रोमांच देखने को मिलने लगा है. जारी टूर्नामेंट का एक बेहद ही रोमांचक मुकाबला बीते सोमवार (आठ जून) को एआरसीएस अंधेरी और बांद्रा ब्लास्टर्स (ARCS Andheri vs Bandra Blasters) के बीच मुंबई स्थित वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया. जहां अंधेरी की टीम नौ विकेट से बाजी मारने में कामयाब रही. मैच के हीरो खेल जगत में 'क्रिकेट के भगवान' के रूप में मशहूर सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) के बेटे अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) रहे. 26 वर्षीय ऑलराउंडर ने पहले गेंदबाजी के दौरान उम्दा गेदबाजी करते हुए तीन ओवरों के स्पेल में महज 11 रन खर्च करते हुए तीन विकेट चटकाए. उसके बाद जब बल्लेबाजी की बारी आई तो तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों में 194.12 की स्ट्राइक रेट से 66 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेल डाली. जिसके बदौलत अंधेरी की टीम नौ विकेट के बड़े अंतर से जीत हासिल करने में कामयाब रही. 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 144-9 रन बनाने में कामयाब हुई थी बांद्रा ब्लास्टर्स 

वानखेड़े स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांद्रा ब्लास्टर्स की टीम 20 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 144 रन बनाने में कामयाब हुई थी. सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए ओम केशकामात सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 36 गेंदों में 136.11 की स्ट्राइक रेट से 49 रनों की पारी खेली. उनके अलावा नौवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सागर छाब्रिया ने 23 गेंदों में नाबाद 44 रनों का योगदान दिया. ध्रुमिल मतकर 23 गेंद में 18 रन बनाने में कामयाब रहे. बाकी के अन्य बल्लेबाज सिंगल डिजिट में आउट हुए. 

एआरसीएस अंधेरी ने 13.5 ओवरों में ही हासिल कर लिया लक्ष्य 

विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 145 रनों के लक्ष्य को एआरसीएस अंधेरी की टीम ने 13.5 ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर आसानी से प्राप्त कर लिया. अर्जुन तेंदुलकर ने तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों में 66 रनों की सर्वाधिक अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा पारी आगाज करते हुए मुशीर खान ने 38 गेंदों में नाबाद 54 और दिव्यांश स्कसेना ने 11 गेंदों में 26 रनों का योगदान दिया. 

दोनों टीमों की तरफ से इन गेंदबाजों का रहा जलवा 

एआरसीएस अंधेरी की तरफ से मैच के दौरान अर्जुन तेंदुलकर ने सर्वाधिक तीन सफलता प्राप्त की. उनके अलावा प्रसून सिंह के खाते में दो और कैप्टन शिवम दुबे, अजय बी मिश्रा, मुशीर खान और प्रग्नेश कांपिल्लेवार के खाते में एक-एक विकेट आए. वहीं विपक्षी टीम की तरफ से रॉयस्टन डायस को ही केवल सफलता मिली. जिन्होंने दिव्यांश स्कसेना को पवेलियन का रास्ता दिखाया. 

यह भी पढ़ें- 'वे बंदूकें लेकर कमरे के बाहर खड़े थे', लिटन दास ने टी-20 वर्ल्ड कप न खेलने पर तोड़ी चुप्पी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Arjun Sachin Tendulkar, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com