विज्ञापन

कौन हैं हिमांशु जांगड़, 370 रुपए की बिरयानी खिला कर हुए वायरल, प्रणित के शो में बघारी शेखी, अब कंपनी ने नौकरी से निकाला

कॉमेडी शो में किया गया एक मजाकिया कमेंट हिमांशु जांगड़ा के लिए भारी पड़ गया. वायरल वीडियो के बाद कंपनी ने उन्हें नौकरी से निकाल दिया और मामला बहस का विषय बन गया. कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो में यह वाकया हुआ.

कौन हैं हिमांशु जांगड़, 370 रुपए की बिरयानी खिला कर हुए वायरल, प्रणित के शो में बघारी शेखी, अब कंपनी ने नौकरी से निकाला
प्रणित मोरे के शो में मचा बवाल

जो बात कुछ लोगों के लिए सिर्फ एक मजाक थी, वही एक युवक के करियर पर भारी पड़ गई. सोशल मीडिया के दौर में कब कौन-सी बात वायरल हो जाए और उसके क्या परिणाम सामने आएं, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. ऐसा ही कुछ हुआ हिमांशु जांगड़ा के साथ, जिनका एक कॉमेडी शो में किया गया कमेंट इंटरनेट पर आग की तरह फैल गया. देखते ही देखते वह चर्चा का विषय बन गए और मामला इतना बढ़ा कि उनकी कंपनी ने उन्हें नौकरी से बाहर का रास्ता दिखा दिया. अब यह विवाद सोशल मीडिया से निकलकर रिश्तों, सहमति और सार्वजनिक व्यवहार पर बहस का कारण बन चुका है.

वायरल वीडियो ने बदल दी जिंदगी

पूरा मामला कॉमेडियन प्रणित मोरे के एक क्राउड-वर्क शो से जुड़ा है. शो के दौरान दर्शकों से बातचीत करते हुए हिमांशु जांगड़ा ने अपनी एक डेट का अनुभव साझा किया. बातचीत में उन्होंने बताया कि वह एक महिला के साथ बाहर गए थे, जहां दोनों ने चिकन बिरयानी खाई थी. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि बिरयानी पर करीब 370 रुपये खर्च करने के बाद जब महिला ने उन्हें घर छोड़ने के लिए कहा तो उन्होंने खर्च किए गए पैसों की ‘वसूली' करने के लिए उसके साथ समय बिताया.

उस समय यह बात सुनकर दर्शक हंस पड़े और माहौल हल्का-फुल्का बना रहा. लेकिन जब शो का वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचा तो लोगों ने इसे अलग नजरिए से देखा. कई यूजर्स ने इस बयान को महिलाओं के प्रति असम्मानजनक बताया और वीडियो पर तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं. कुछ ही घंटों में यह क्लिप इंटरनेट पर वायरल हो गई.

कंपनी ने जांच के बाद लिया फैसला

विवाद बढ़ने के बाद हिमांशु जांगड़ा के व्यक्तित्व पर भी सवाल उठने लगे. इसके बाद कंपनी ने मामले की आंतरिक जांच की. रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी ने कर्मचारियों से हिमांशु के व्यवहार और वर्क कल्चर को लेकर बातचीत की. जांच में उनके खिलाफ कार्यस्थल पर किसी तरह की शिकायत सामने नहीं आई. सहकर्मियों ने उन्हें एक जिम्मेदार, मेहनती और सम्मानजनक कर्मचारी बताया. इसके बावजूद कंपनी ने उन्हें नौकरी से हटाने का फैसला लिया. कंपनी का कहना था कि उसने अपने मूल्यों और सार्वजनिक छवि को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है. इस फैसले के बाद सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया. कुछ लोगों ने कंपनी के कदम का समर्थन किया, जबकि कई लोगों ने इसे अत्यधिक प्रतिक्रिया करार दिया.

प्रणित मोरे भी आए निशाने पर

विवाद के केंद्र में केवल हिमांशु जांगड़ा ही नहीं रहे. कॉमेडियन प्रणित मोरे को भी सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ा. कई यूजर्स का कहना था कि मंच पर उस टिप्पणी को चुनौती देने के बजाय उस पर हंसना गलत संदेश देता है. हालांकि कुछ लोगों ने कॉमेडियन का बचाव करते हुए कहा कि क्राउड-वर्क शो में होने वाली बातचीत पहले से स्क्रिप्टेड नहीं होती और उनका उद्देश्य केवल मनोरंजन करना होता है. फिलहाल यह मामला एक वायरल वीडियो से कहीं आगे निकल चुका है. 

यह भी पढ़ें: दोस्त के अंतिम संस्कार में छलके सलमान खान के आंसू, शेरा ने रोते हुए भाईजान को दिया सहारा, पहुंचा पूरा परिवार
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pranit More, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com