मुंबई में सोमवार को अभिनेता सलमान खान अपनी करीबी फैमिली फ्रेंड कुमुद राणे के अंतिम संस्कार में शामिल हुए. इस दौरान अभिनेता काफी भावुक नजर आए. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में सलमान खान गमगीन दिखाई दिए और उन्होंने नम आंखों से कुमुद राणे को अंतिम विदाई दी. अंतिम संस्कार में खान परिवार के कई सदस्य भी मौजूद रहे. सलमान के साथ उनकी मां सलमा खान, सौतेली मां हेलेन, भाई सोहेल खान और बहन अर्पिता खान शर्मा भी अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे. सलमान के चेहरे पर अपने करीबी को खोने का दर्द साफ देखा जा सकता था.
हाल ही में एक और करीबी दोस्त को खो चुके हैं सलमान
कुमुद राणे का निधन ऐसे समय में हुआ है जब कुछ ही सप्ताह पहले सलमान खान ने अपने बेहद करीबी दोस्त सुशील कुमार को भी खोया था. 42 साल की उम्र में सुशील कुमार के निधन ने अभिनेता को गहरा सदमा दिया था. उस समय सलमान ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा था कि सुशील केवल दोस्त नहीं, बल्कि उनके भाई जैसे थे. उन्होंने बताया था कि सुशील चार दशक से भी ज्यादा समय से उनकी जिंदगी का हिस्सा थे. इस नुकसान ने अभिनेता को अंदर तक झकझोर दिया था और अब कुमुद राणे के निधन ने उन्हें एक और झटका लगा है.
जीवन और मृत्यु पर सलमान का भावुक संदेश
अपने दोस्त के निधन के बाद सलमान खान ने जीवन और मृत्यु को लेकर भी भावुक विचार साझा किए थे. उन्होंने कहा था कि जब किसी व्यक्ति के जाने का समय आ जाता है, तो उसे कोई रोक नहीं सकता. अभिनेता ने यह भी कहा कि अक्सर अच्छे लोग बहुत जल्दी दुनिया छोड़कर चले जाते हैं, जबकि कुछ लोग अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने के लिए यहां बने रहते हैं. सलमान के इन शब्दों को उनके फैंस ने काफी भावुक और दिल छू लेने वाला बताया था.
इन फिल्मों में नजर आएंगे सलमान खान
वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान जल्द ही निर्देशक अप्पोरवा लाखिया की फिल्म मातृभूमि में दिखाई देंगे. इस फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका निभा रही हैं. इसके अलावा सलमान निर्देशक वमिशी की आगामी फिल्म SVC63 की शूटिंग में भी व्यस्त हैं. इस फिल्म में उनके साथ नयनतारा नजर आएंगी, जबकि इसका निर्माण दिल राजू कर रहे हैं. ऐसे मुश्किल समय के बावजूद सलमान अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स को पूरा करने में जुटे हुए हैं.