विज्ञापन

ब‍िहार: आंधी-बार‍िश ने बरपाया कहर, पीपल के पेड़ में दबकर एक पर‍िवार के 5 लोगों की मौत, 20 लाख मिलेगा मुआवजा

सीतामढ़ी में शाम को आंधी-बार‍िश हुई और रात में पीपल का पेड़ घर पर गिर गया. बताया जा रहा है पीपल का पेड़ बहुत पुराना था. (रंजीत कुमार की रिपोर्ट)

ब‍िहार: आंधी-बार‍िश ने बरपाया कहर, पीपल के पेड़ में दबकर एक पर‍िवार के 5 लोगों की मौत, 20 लाख मिलेगा मुआवजा
सीतामढ़ी में पीपल का पेड़ गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. (Photo- NDTV)

सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र के रेवासी धनुषी टोला वार्ड संख्या-01 में सोमवार देर रात हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.  रात करीब 11 बजे सिकंदर सहनी के घर पर अचानक एक विशाल पीपल का पेड़ गिर पड़ा.  पेड़ गिरने से कच्चा मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया, और घर के अंदर सो रहे परिवार के सदस्य मलबे में दब गए.

पत्नी और 4 बच्चों की मौत 

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया. हादसे में सिकंदर सहनी की पत्नी पूजा देवी (28 ), बेटा राजकुमार (7), बेटी शिवानी (5) और एक महीने के बेटे लाइगर कुमार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई. जबकि एक बेटे की अस्पताल में मौत हो गई.  ADM ब्रिज किशोर पांडेय ने कहा कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करा लिया गया है. आपदा राहत के तहत मरने वालों के परिजन को 4-4 लाख रुपए दिया जाएगा. 

एक बेटे की इलाज के दौरान मौत 

परिवार का 2 वर्षीय बेटा वीरभद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई. एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई.  देर रात ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया. 

घटनास्थल पर चारो तरफ फैला मलबा. (Photo- NDTV)

घटनास्थल पर चारो तरफ फैला मलबा. (Photo- NDTV)

पुलिस के आला अफसर पहुंचे 

घटना की सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह, रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी और बीडीओ संजय पाठक मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया. प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. 

बहुत पुराना था पीपल का पेड़ 

स्थानीय लोगों ने बताया कि पुराना और विशाल पीपल का पेड़ घर के समीप स्थित था. लगातार चल रही हवा और कमजोर जड़ों के कारण अचानक वह मकान पर गिर पड़ा, जिससे यह भीषण हादसा हो गया. मामले में सदर डीएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीपल के पेड़ गिरने के बाद मलबे में दबने से 4 लोगों की घटना स्थल पर मौत हुई है, जबकि एक की इलाज के दौरान मौत हो गई.

यह भी पढ़ें: फिर आएगी आंधी-बारिश, 5 दिन दिल्ली-यूपी से एमपी-राजस्थान तक मौसम मचाएगा तूफान

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar, Sitamarhi Bihar, Pipal Ka Ped, 5 Family Members Killed, Heavy Rain
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com