मोकामा जिले में गैंगस्टर सोनू-मोनू को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस की तलाशी के बाद गैंगस्टर के घर में एंट्री मिली. तलाशी के दौरान का वीडियो सामने आया है. सोनू-मोनू के गुर्गे गेट पर पुलिस की तलाशी ले रहे थे, तब तक दोनों गैंगस्टर फरार हो गए. पंचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा जलालपुर गांव में शनिवार शाम सरपंच पति मुकेश सिंह पर कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें वे बाल-बाल बच गए. पुलिस ने फायरिंग मामले में सोनू-मोनू और उसके पिता प्रमोद सिंह समेत 6 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है.
फेसबुक पोस्ट से हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि मामला फेसबुक पोस्ट से जुड़ा है. सरपंच पति मुकेश सिंह ने फेसबुक पर पोस्ट कर पुलिस की प्रशंसा की थी. शनिवार शाम मुकेश सिंह पंचायत करने गांव में ही जा रहे थे, इसी बीच गैंगस्टर सोनू-मोनू के पिता प्रमोद सिंह ने उस पोस्ट को डिलीट करने को कहा, जिस दौरान दोनों में विवाद हो गया.
फोन करके सोनू-मोनू को बुलाया
प्रमोद सिंह ने अपने बेटे सोनू-मोनू को फोन कर बुलाया, इसके बाद गोलीबारी की घटना को अंजाम दी गई. आरोप है कि सोनू-मोनू के साथ उसके गुर्गों ने मुकेश सिंह पर कई राउंड फायरिंग की, स्थानीय लोगों ने बताया कि कुल तीन राउंड फायरिंग हुई है, जिसमें मुकेश सिंह बाल-बाल बच गए हैं. फायरिंग की घटना के बाद हाथीदह, मरांची पंचमहला समेत कई थानों की पुलिस सोनू-मोनू के घर पहुंची थी.
पुलिस ने मामला दर्ज किया
एसडीपीओ रामकृष्णा ने बताया कि शनिवार शाम पचमहला थाना क्षेत्र के अंतर्गत नौरंगा जलालपुर गांव में सरपंच पति एवं मुखिया पति के बीच कहासुनी के क्रम में विवाद हो गया, जिसमें मुखिया पुत्र एवं कुख्यात अपराधी सोनू कुमार ने भय का माहौल कायम करने के उद्देश्य से हवाई फ़ायरिंग की. प्राथिमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
सरपंच पति अनंत सिंह का करीबी
सोनू-मोनू का जदयू विधायक बाहुबली अनंत सिंह के बीच अदावत चली आ रही है. पहले भी गोलीबारी हो चुकी है. कल शाम जिसपर गोली चलाई गई, वह अनंत सिंह का करीबी बताया जाता है. सोनू-मोनू पर अपहरण, हत्या, लूट, रंगदारी जैसे दर्जनों मामले दर्ज हैं, जिसमें बाढ़ कोर्ट परिसर में एक व्यक्ति की हत्या शामिल है.
यह भी पढ़ें : रेकी किया, फिर व्हाइट हाउस पहुंचा... गोलीबारी करने वाले शख्स की तस्वीर आई सामने, सीक्रेट सर्विस ने मार गिराया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं