विज्ञापन
This Article is From Jun 29, 2018

Malaysian Open: कैरोलिना मॉरिन को सीधे गेमों में हराकर पीवी सिंधु सेमीफाइनल में पहुंचीं

Malaysian Open: कैरोलिना मॉरिन को सीधे गेमों में हराकर पीवी सिंधु सेमीफाइनल में पहुंचीं
पीवी सिंधु ने सीधे गेम में स्‍पेन की कैरोलिना मॉरिन को शिकस्‍त दी (फाइल फोटो)
  • पीवी सिंधु ने मैच 22-20, 21-19 से जीता
  • ओलिंपिक के फाइनल में मॉरिन से ही हारी थीं सिंधु
  • पुरुष वर्ग में श्रीकांत भी सेमीफाइनल में पहुंचे
कुआलालम्पुर:

भारत की शीर्ष महिला शटलर पीवी सिंधु ने मलेशिया ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में स्‍थान बना लिया है. 700,000 डॉलर इनामी राशि के इस टूर्नामेंट के आज यहां खेले गए क्‍वार्टर फाइनल में उन्‍हें प्रबल प्रतिद्वंदी स्‍पेन की कैरोलिना मॉरिन को 22-20, 21-19 से शिकस्‍त दी. सिंधु ने इस क्‍वार्टर फाइनल मैच में जबर्दस्‍त खेल दिखाया और सीधे गेमों में जीत हासिल की. सेमीफाइनल में उनका मुकाबला ताई जु यिंग से होगा. उधर, टूर्नामेंट के पुरुष वर्ग में भारत के किदांबी श्रीकांत भी सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं. उन्‍होंने दुनिया के 22 वें नंबर के खिलाड़ी लेवरडेज को 39 मिनट में 21-18 21-14 से  शिकस्‍त दी.

यह भी पढ़ें: मलेशिया ओपन बैडमिंटन में साइना नेहवाल की चुनौती खत्‍म

पहले गेम में दोनों के बीच बराबरी की टक्कर देखी गई. ऐसे में सिंधु और मॉरिन के बीच स्कोर 20-20 से बराबर हो गया। यहां सिंधु ने दो अंक लेकर पहला गेम 22-20 से जीत लिया. इसके बाद, सिंधु ने दूसरे गेम में अच्छी शुरुआत करते हुए 12-6 से बढ़त बना ली. मॉरिन ने हालांकि, अच्छी वापसी करते हुए स्कोर 16-14 कर लिया. सिंधु किसी तरह मॉरिन के खिलाफ अपनी बढ़त को बनाए रखने की कोशिश कर रही थीं और अंत में सफलता हासिल करते हुए दूसरा गेम 21-19 से जीतकर सेमीफाइनल में कदम रखा. भारतीय खिलाड़ी सिंधु का सामना अब सेमीफाइनल में ताइवान की ताई जु यिंग से होगा, जिन्‍होंने  क्वार्टर फाइनल में मलेशिया की गोह जिन वेई को सीधे गेमों में 21-15, 21-15 से मात दी.

उधर, पुरुष वर्ग में चौथे वरीयता प्राप्‍त श्रीकांत ने दुनिया के 22 वें नंबर के खिलाड़ी लेवरडेज को 39 मिनट में 21-18 21-14 से पराजित किया. इस भारतीय खिलाड़ी ने इस साल आल इंग्लैंड चैम्पियनशिप में भी फ्रांस के इस खिलाड़ी को तीन गेम में शिकस्त दी थी. अब अंतिम चार में उनका सामना दुनिया के पूर्व नंबर दो और 2015 की वर्ल्‍ड चैम्पियनशिप के कांस्य पदकधारी केंटो मोमोटा से होगा जो जापान बैडमिंटन संघ द्वारा लगाए गए एक साल के प्रतिबंध के बाद वापसी कर रहे हैं.

वीडियो: वर्ल्‍ड चैंपियनशिप में मेडल जीतकर लौटीं पीवी सिंधु

गौरतलब है कि कैरोलिना मॉरिन ने रियो ओलिंपिक खेलों में सिंधु को फाइनल में हराकर रजत पदक तक संतुष्ट रहने के लिए मजबूर किया था. सिंधु ने वर्ल्ड नम्बर-39 और स्थानीय खिलाड़ी यिंग यिंग ली को मात देकर मलेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्‍वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी. वर्ल्ड नम्बर-3 सिंधु ने यिंग को 32 मिनट तक चले मैच में सीधे गेमों में 21-8, 21-14 से मात दी थी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pusarla Venkata Sindhu, Carolina Marin, Badminton
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com